
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मेडिकल फील्ड में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे उम्मीदवारों के लिए एक अच्छी खबर है। संघ लोक सेवा आयोग की संयुक्त चिकित्सा सेवा परीक्षा 2026 के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया गया है। जो भी अभ्यर्थी आवेदन करना चाहते हैं वे यूपीएससी की ऑफिशियल वेबसाइट upsc.gov.in या upsconline.nic.in पर जाकर 31 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं।
इस परीक्षा के जरिए सरकारी मेडिकल ऑफिसर, जीडीएमओ, एडीएमओ के 1300 से अधिक पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
इस भर्ती के लिए सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के कैंडिडेट्स को 200 रुपये एप्लिकेशन फीस भरनी होगी। वहीं एससी/एसटी/पीएच/महिला कैंडिडेट्स के लिए कोई शुल्क नहीं है।
शैक्षणिक योग्यता के तौर पर उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से एमबीबीएस डिग्री होनी चाहिए। अंतिम वर्ष एमबीबीएस के छात्र भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन नियुक्ति से पहले इंटर्नशिप पूरी करना आवश्यक होगा।
अधिकतम आयु 32 वर्ष (1 अगस्त 2026 तक) निर्धारित है। हालांकि, कुछ पदों के लिए अधिकतम आयु 35 वर्ष तक हो सकती है। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-10 के तहत लगभग 56,100 रुपये प्रारंभिक वेतन मिलेगा, इसके साथ एचआरए, डीए और अन्य सरकारी भत्ते भी दिए जाएंगे।
चयन दो चरणों में होगा। पहला चरण लिखित परीक्षा (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) 500 अंकों का होगा, जबकि दूसरा चरण पर्सनैलिटी टेस्ट/इंटरव्यू 100 अंकों का होगा। लिखित परीक्षा में दो पेपर होंगे। पेपर-1 में जनरल मेडिसिन और पीडियाट्रिक्स शामिल हैं, वहीं पेपर-2 में सर्जरी, गायनेकोलॉजी, ऑब्सटेट्रिक्स और प्रिवेंटिव सोशल मेडिसिन विषय रहेंगे।
यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाएं। 'कंबाइंड मेडिकल सर्विसेज एग्जामिनेशन 2026' लिंक पर क्लिक करें। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर आवेदन फॉर्म भरकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें। फीस जमा कर आवेदन सबमिट करें और प्रिंट लेकर रखें। आवेदन करने की आखिरी तारीख 31 मार्च 2026 शाम 6 बजे तक है और परीक्षा की तिथि 2 अगस्त 2026 तय की गई है।
प्रतियोगी परीक्षा के एक्सपर्ट, अभिषेक खरे बताते हैं कि परीक्षा में किन विषयों से कितने प्रश्न आते हैं और उनका स्तर कैसा होता है, यह जानना बहुत जरूरी है। सबसे पहले पूरे पाठ्यक्रम को ध्यान से पढ़ें। सामान्य चिकित्सा और सामुदायिक चिकित्सा पर अधिक ध्यान दें। केवल रटने की बजाय विषय को गहराई से समझें। रोग, लक्षण, जांच और उपचार के क्रम में पढ़ाई करें।
अभिषेक खरे आगे सलाह देते हैं कि बहुत सारी किताबों के बजाय कुछ विश्वसनीय स्रोत चुनें। प्रतिदिन अधिक से अधिक प्रश्न हल करें और पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र जरूर देखें। पढ़ाई के दौरान शॉर्ट नोट्स बनाएं और बार-बार दोहराव (रिवीजन) करें। हर सप्ताह एक मॉक टेस्ट दें और समय प्रबंधन का अभ्यास करें। मोबाइल से दूरी बनाकर, पर्याप्त नींद और संतुलित आहार के साथ निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य मिलती है।