प्रेमिका ने बनाया शादी का दबाव तो प्रेमी ने कर दी हत्या, फिर शव को जंगल में छोड़ा, आरोपी गिरफ्तार
मृतका और आरोपी की दोस्ती सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। जब प्रेमिका ने अपने प्रेमी से शादी करने का दवाब बनाया तो प्रेमी ने उससे दूरी बनाना शुरू कर द ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 22 Jun 2025 07:36:13 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Jun 2025 07:36:13 PM (IST)
मृतिका अंकिता पाटिल।HighLights
- बुदनी पुलिस ने किया अंधे कत्ल का पर्दाफाश
- शादी की बात को लेकर प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या
- पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
नईदुनिया न्यूज, बुदनी। सोशल मीडिया से हुई प्रेमी युगल की दोस्ती जब शादी में बदलने वाली थी तो ये बात प्रेमी को नागवार लगी। शादी से बचने के चक्कर में उसने प्रेमिका को चाकू और पत्थर से मारकर बेरहमी से कत्ल कर शव को जंगल में छोड़ गया। ये सनसनीखेज मामला बुदनी थाना क्षेत्र का है। जब 15 जून को पुलिस को सतकुंडा के जंगल में एक अज्ञात युवती के शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।
धारदार हथियार से हत्या कर शव पत्थर से कुचला
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रथम दृष्ट्या मृतका के शरीर पर धारदार हथियार के चोट के निशान पाए गए। एसडीओपी रवि शर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर मामले को गंभीरता से लिया। मृतका का शव तीन से चार दिन पुराना था व उसके चेहरे को भी पत्थर से कुचल दिया गया था तो मृतका की शिनाख्त करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया। थाना प्रभारी चैन सिंह रघुवंशी, उपनिरीक्षक संदीप जाट की टीम ने आसपास के थानों में इस हुलिए से मिलती जुलती गुमशुदगी की तलाश की।
ये भी पढ़ें- Bhilai: डबल मर्डर से दहला खम्हरिया, दो कुओं में मिले महिला और बच्चे के शव, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस हिरासत में युवक ने कबूला आरोप
काफी तलाश में मृतका की पहचान बैतूल जिला निवासी अंकिता पिता सुरेश पाटिल निवासी ग्राम पहावाड़ी थाना शाहपुर के रूप में हुई। मृतिका के परिजनों ने इसकी सूचना थाने में दर्ज कराई थी, जिसमें आरोपि कृष्ण कांत पिता संतोष मालवीय निवासी ग्राम गुर गुंडा थाना शाहपुर पर शक जताया था। पुलिस टीम ने आरोपित कृष्णकांत को गिरफ्तार कर जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने प्रेमिका की हत्या करना कुबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार व मोटरसाइकिल जब्त कर ली।
सोशल मीडिया से हुई थी दोनों की दोस्ती
एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि मृतका और आरोपी दोनों ही बैतूल जिले के निवासी हैं। जिनकी दोस्ती सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। जब प्रेमिका ने अपने प्रेमी से शादी करने का दवाब बनाया तो प्रेमी ने उससे दूरी बनाना शुरू कर दिया। जिस पर प्रेमिका द्वारा प्रेमी को दुष्कर्म के मामले में शिकायत की बात कही गई। यही सोचते हुए उसने प्रेमिका को शादी की रजामंदी जताते हुए, शादी करने के बहाने से उसे बुला लिया और मोटरसाइकिल से मिडघाट क्षेत्र में घने जंगलों के बीच सतकुंडा ले गया। जहां उसने प्रेमिका को पास पड़े पत्थर से हमला कर दिया, साथ ही साथ में लेकर आए धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।