भोपाल: डीबी सिटी के सामने पोल में करंट लगने से युवा भाजपा नेता की मौत, पत्नी के साथ सड़क पार करते ही हुआ दर्दनाक हादसा
एमपी नगर में डीबी सिटी के सामने स्ट्रीट लाइट का पोल छूने से भाजयुमो जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।
Publish Date: Sun, 27 Sep 2026 11:45:44 PM (IST)Updated Date: Sun, 27 Sep 2026 11:45:44 PM (IST)
मृतक दिव्यऋषि तिवारी का जीवित अवस्था का चित्र।HighLights
- एमपी नगर में डीबी सिटी के सामने स्ट्रीट लाइट का पोल छूने से हादसा
- करंट की चपेट में आने से भाजयुमो जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की मौत
- ट्रैफिक हेड कांस्टेबल जगदीश दांगी ने सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। एमपी नगर में डीबी सिटी के सामने रविवार रात स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट आने से भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी (29) की मौत हो गई। वह अपनी पत्नी के साथ सड़क पार कर रहे थे। तभी डिवाइडर के पास उन्होंने पोल को छू लिया, जिससे करंट से झुलस गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ट्रैफिक हेड कांस्टेबल जगदीश दांगी ने उन्हें सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
सड़क पार करते हुए हादसा
पुलिस के अनुसार पत्रकार कॉलोनी, टीटी नगर निवासी दिव्यऋषि तिवारी जिला न्यायालय में वकालत करते थे। उनके पिता आनंद तिवारी वरिष्ठ अधिवक्ता हैं, जबकि बड़े भाई दिव्यअंकुर तिवारी प्रोफेसर हैं।
रविवार रात करीब 8 बजे वह पत्नी के साथ डीबी सिटी जा रहे थे। उन्होंने मेट्रो स्टेशन के पास सड़क के दूसरी ओर कार पार्क की थी। इसके बाद वह डिवाइडर पार कर पैदल जा रहे थे।
इसी दौरान मोबाइल पर बात करते हुए उन्होंने स्ट्रीट लाइट के पोल को हाथ लगा दिया। पोल में करंट होने से उन्हें जोरदार झटका लगा और वह सड़क पर गिर पड़े। एमपी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस पोल में करंट आने के कारणों और विद्युत व्यवस्था की भी पड़ताल कर रही है।