छतरपुर में हर्ष फायरिंग, बुजुर्ग के पेट में गोली लगने से बरात में मची अफरा-तफरी, हालत गंभीर
छतरपुर के बमीठा क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान चली गोली से बुजुर्ग गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास का मामला दर् ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 08 May 2026 09:45:39 AM (IST)Updated Date: Fri, 08 May 2026 09:45:39 AM (IST)
शादी समारोह के दौरान मचा हड़कंप। (फोटो- नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- शादी समारोह में अचानक गोली चलने से मचा हड़कंप वहां।
- बुजुर्ग दरबारी पटेल गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए।
- घायल को ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया तुरंत ही।
नईदुनिया न्यूज, छतरपुर। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम गंज में स्थित एक निजी मैरिज गार्डन में उस समय हड़कंप मच गया, जब वैवाहिक रस्मों के दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। हादसे में बारात में शामिल एक बुजुर्ग में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में ग्वालियर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले में अवैध कट्टे से गोली चलाने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार बुधवार की ग्राम कड़वा से पटेल परिवार की बारात गंज स्थित मैरिज गार्डन पहुंची थी। शादी का जश्न जोरों पर चल रहा था और मेहमान रस्मों में व्यस्त थे। इसी बीच अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई पड़ने से बारात में सन्नाटा पसर गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, बारात में आए बुजुर्ग दरबारी पटेल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
डॉक्टरों ने ग्वालियर किया रेफर
मंगल गीतों की गूंज अचानक चीख-पुकार में बदल गई और कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायल दरबारी पटेल को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया और गंभीर हालत को ध्यान में रखकर तत्काल ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
मामले की सूचना मिलने पर बमीठा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई और वीडियो फुटेज देखने के साथ ही लोगों से पूछताछ की गई। प्राथमिक जांच के आधार पर गंज निवासी नीरज (25) पिता रामचरण को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
थाना प्रभारी बाल्मीकि चौबे ने बताया कि शादी के दौरान गोली चलने से एक बुजुर्ग घायल हुआ है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।