
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। नौगांव थाने के सामने शुक्रवार को एक आदमी ने बीच सड़क पर बिना कपड़ों के बैठकर जमकर हंगामा किया। फरियादी ने आरोप लगाया कि उस पर गोली चलाई है, जिसके मेरे पास सबूत हैं। उसके बाद भी पुलिस मामला दर्ज नहीं कर रही है। बीट प्रभारी प्रजापति ने रिश्वत ले ली है, जिससे कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
पुलिस कर्मचारियों के बार-बार कहने पर भी फरियादी बोलता दिखाई दे रहा है कि यदि वह घर गया और उसकी हत्या हो गई तो जिम्मेदारी कौन लेगा? थाना प्रभारी यदि लिखित आश्वासन दे दें तो मैं चला जाऊंगा। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा था। वीडियो में एक आदमी नौगांव थाने के सामने सड़क पर बिना कपड़ों के बैठकर आरोप लगा रहा था कि उस पर गोली चलाई गई। घटना के उसके पास सबूत हैं, लेकिन बीट प्रभारी प्रजापति ने विरोधी पक्ष से रिश्वत ले ली, जिससे उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उसको जान का खतरा है और जब तक उसको न्याय नहीं मिलेगा तब तक वह सड़क से नहीं जाएगा।
पुलिस कर्मचारियों ने उसे घर जाने के लिए कहा तो वह बोला कि यदि उसकी हत्या हो गई तो कौन जिम्मेदार होगा? नौगांव थाना प्रभारी यदि लिखकर दे दें तो मैं जाने को तैयार हूं। मामले को लेकर नौगांव थाना प्रभारी संजय राय को फोन लगाया लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
वहीं, एसडीओपी संजय मेश्राम ने बताया कि मामला दो पक्षों का है और दोनों पक्षों पर कार्रवाई की गई है। पैसों के लेन-देन का कोई मामला नहीं है। हालांकि दोनों पक्षों पर क्या कार्रवाई हुई इसकी जानकारी उन्होंने नहीं दी।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि मामले की जानकारी मेरे संज्ञान में है और एसडीओपी नौगांव मामले की सत्यता पता कर रहे हैं। उसके हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।