दीवारों पर अश्लील लेखन करने वाला कोई बाहरी नहीं, खुद स्कूल की शिक्षिका निकली, कैमरे का फुटेज देखते ही सबके होश उड़े
जिसे अब तक 'असामाजिक तत्वों' की करतूत माना जा रहा था, वह असल में विद्यालय में ही पदस्थ एक महिला शिक्षिका की साजिश निकली। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 22 Apr 2026 08:34:52 PM (IST)Updated Date: Wed, 22 Apr 2026 08:50:18 PM (IST)
शिक्षिका ही कर रही थी अश्लील लेखन।HighLights
- रात की निगरानी नाकाम रही, तो शिक्षकों ने सुबह स्कूल के पास छुपकर कैमरे लगाए।
- फुटेज में स्पष्ट दिखा कि शिक्षिका ही दीवारों पर गंदी गालियां, अपशब्द लिख रही थी।
- शिक्षकों के पास अब उस शिक्षिका की घृणित करतूत का पूरा वीडियो साक्ष्य उपलब्ध है।
तामिया। छिंदवाड़ा जिले के तामिया विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम सीताडोंगरी के सरकारी स्कूल में पिछले तीन महीनों से चल रहा "अश्लील लेखन" का रहस्य सुलझ गया है। जिसे अब तक 'असामाजिक तत्वों' की करतूत माना जा रहा था, वह असल में विद्यालय में ही पदस्थ एक महिला शिक्षिका की साजिश निकली। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई इस शर्मनाक हरकत के बाद अब विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
सीताडोंगरी स्कूल की दीवारों पर अज्ञात लोगों द्वारा लगातार शिक्षिकाओं के नाम लिखकर उनके आगे अभद्र गालियां और अपशब्द लिखे जा रहे थे। इससे स्कूल का शैक्षणिक माहौल और गांव की गरिमा खराब हो रही थी। स्कूल के प्रभारी प्रदीप स्वर्णकार ने बताया कि इस समस्या से निपटने के लिए शिक्षक रात-रात भर जागकर स्कूल की पहरेदारी करते थे, लेकिन रात में कोई नजर नहीं आता था।
जब रात की निगरानी नाकाम रही, तो शिक्षकों ने सुबह के वक्त स्कूल के पास छुपकर कैमरे लगाए। कैमरे की फुटेज देखते ही सबके होश उड़ गए। फुटेज में स्पष्ट दिखा कि पिपरिया से आने वाली शिक्षिका ही सुबह के समय स्कूल की दीवारों पर गंदी गालियां और अपशब्द लिख रही थी। शिक्षकों के पास अब उस शिक्षिका की इस घृणित करतूत का पूरा वीडियो साक्ष्य उपलब्ध है।
हैरानी की बात यह है कि पर्याप्त सबूत होने के बावजूद प्रशासनिक तंत्र सुस्त पड़ा है। ग्रामीणों और शिक्षकों ने 10 अप्रैल को वीडियो प्रूफ के साथ तामिया बीईओ सहायक आयुक्त छिंदवाड़ा और देलाखारी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।घटना को 12 दिन बीत जाने के बाद भी दोषी शिक्षिका पर अब तक कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
इस मामले में तामिया बीईओ बी.के. सानेर का कहना है कि वे कल तामिया पहुँचकर इस पूरे मामले का प्रतिवेदन तैयार करेंगे और उसे उच्च अधिकारियों को भेजेंगे। वहीं, देलाखारी पुलिस भी मामले की जांच की बात कह रही है।