
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। पीपला नारायणवार नगर के बस स्टैंड क्षेत्र में बुधवार की सुबह तब अफरा तफरी मच गई जब बजाज मार्ग की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार टवेरा अचानक अनियंत्रित होकर 3–4 दुकानों में घुस गई।
हादसे में कई लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों में चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टवेरा की चपेट में आने से कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, सड़क किनारे खड़े कई दोपहिया वाहन भी दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए सौसर अस्पताल पहुंचाया। यहां कुछ घायलों को गंभीर हालत होने पर नागपुर रेफर किया गया है।
तेज रफ्तार वाहन सड़क पर लोगों को रोदते हुए करीब 200 मीटर तक घसिटता रहा। प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि वाहन जाम सांवली से पिपला की ओर तेजी से आ रहा था।
बेकाबू वाहन ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में लिया। इसके बाद ऑटो को टक्कर मार दी, जिसके बाद में दुकान में जाकर वहां घुस गया।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में जेवर बनाने के नाम पर रिटायर्ड एसआई का 100 ग्राम सोना हड़पा, पिता-पुत्र पर FIR