छिंदवाड़ा में लोकायुक्त की 'टी-ट्रैप' कार्रवाई, 14,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ धराया पीएचई कर्मचारी, बाबू पर भी केस दर्ज
शिकायत सत्यापन के दौरान संदेश बाबू ने आवेदक को पंप अटेंडेंट दर्पण मिश्रा से बात करने को कहा। सौदेबाजी के बाद पहली किश्त के रूप में 14,000 देना तय हुआ। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 21 Apr 2026 04:11:51 PM (IST)Updated Date: Tue, 21 Apr 2026 04:17:35 PM (IST)
रिश्वत लेते पकड़ाया कर्मचारी।HighLights
- बाबू, पंप अटेंडेंट ने मिलकर ठेकेदार से उसके भुगतान के बदले 6% कमीशन की मांग की थी।
- अम्बाडा निवासी ठेकेदार सौरभ मिश्रा ने पी.एच.ई. विभाग में निर्माण कार्य का ठेका लिया था।
- कुल कार्य का 30% हिस्सा पूर्ण होने पर आवेदक के खाते में 4,11,665 की राशि प्राप्त हुई थी।
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा के खजरी रोड पर आज उस समय हड़कंप मच गया जब जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने एक चाय की दुकान पर दबिश देकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग परासिया के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
विभाग के एक बाबू और पंप अटेंडेंट ने मिलकर ठेकेदार से उसके भुगतान के बदले 6% कमीशन की मांग की थी। परासिया तहसील के ग्राम अम्बाडा निवासी ठेकेदार सौरभ मिश्रा ने पी.एच.ई. विभाग में निर्माण कार्य का ठेका लिया था।
कुल कार्य का 30% हिस्सा पूर्ण होने पर आवेदक के खाते में 4,11,665 की राशि प्राप्त हुई थी। राशि खाते में आते ही पी.एच.ई. विभाग परासिया में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 संदेश गजभिये ने आवेदक से कुल भुगतान का 6% यानी लगभग 25,000 रिश्वत के रूप में मांगे।
शिकायत सत्यापन के दौरान संदेश बाबू ने आवेदक को पंप अटेंडेंट दर्पण मिश्रा से बात करने को कहा। सौदेबाजी के बाद पहली किश्त के रूप में 14,000 देना तय हुआ।
चाय की दुकान पर बिछाया गया जाल
- मंगलवार को लोकायुक्त की टीम ने योजना के साथ खजरी रोड स्थित एक चाय की दुकान पर घेराबंदी की।
- जैसे ही आवेदक सौरभ मिश्रा ने दर्पण मिश्रा को 14,000 सौंपे, पहले से तैयार लोकायुक्त टीम ने उसे दबोच लिया।
- मुख्य आरोपी संदेश गजभिये के इशारे पर ही यह लेनदेन हो रहा था, इसलिए लोकायुक्त ने उसे भी सह-आरोपी बनाया है।
- दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित 2018) की धारा-7, 12, 13(1) बी और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।