दमोह में भाजपा समर्थित जनपद सदस्य ने 14 साल की नाबालिग से किया दुष्कर्म, पीड़िता पांच माह की गर्भवती; एफआईआर के बाद आरोपी फरार
जिले के मगरोन थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता पांच माह की गर्भवती पाई गई है। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 09 Apr 2026 10:04:12 PM (IST)Updated Date: Thu, 09 Apr 2026 10:12:43 PM (IST)
14 साल की नाबालिग से किया दुष्कर्म( सांकेतिक फोटो)HighLights
- 14 वर्षीय नाबालिग पांच माह की गर्भवती पाई गई
- जनपद सदस्य पर पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
- एफआईआर के बाद से आरोपी फरार
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। जिले के मगरोन थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता पांच माह की गर्भवती पाई गई है। आरोप फतेहपुर के भाजपा समर्थित जनपद सदस्य कुंदन आदिवासी (50) पर लगा है।
नाबालिग के पेट में दर्द
घटना बुधवार को सामने आई, जब नाबालिग के पेट में दर्द हुआ। पूछताछ में उसने स्वजनों को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद मगरोन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। बाद में पीड़िता को महिला थाने भेजा गया। पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया, जिसमें उसके पांच माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपित कुंदन आदिवासी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एफआईआर के बाद से आरोपित फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस का क्या कहना
एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर उसे उपचार के लिए रेफर किया गया है। मगरोन थाना प्रभारी बीएल पटेल के अनुसार घटना करीब पांच माह पुरानी बताई जा रही है और पीड़िता ने तत्काल इसकी जानकारी स्वजनों को नहीं दी थी।
आरोपित के परिवार को लेकर चर्चा
गांव के लोगों के अनुसार आरोपित की उम्र लगभग 50 वर्ष है और उसके बच्चों के भी बच्चे हो चुके हैं। बताया गया कि पीड़िता की उम्र के बराबर उसकी नातिन और पौती हैं।
झूठे आरोप लगाए गए हैं
बटियागढ़ जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि मंगल सिंह कुशवाहा ने कहा कि कुंदन आदिवासी भाजपा समर्थित जनपद सदस्य हैं। उनके अनुसार आरोपित का कहना है कि उस पर झूठे आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाए।