
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। धरमपुरा फाटक पर ट्रेन से कट कर माता-पिता और बेटे ने शुक्रवार दोपहर आत्महत्या कर ली है। पहले बेटे ने करैया फाटक के समीप ट्रेन से कटकर आत्महत्या की, उसके बाद जब माता-पिता ने बेटे का शव देखा तो करीब दो किमी दूर जाकर वह भी ट्रेन की पटरी पर लेट गए।
स्थानीय लोगों द्वारा आरपीएफ पुलिस को सूचना दी गई। आरपीएफ और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों के शव को जिला अस्पताल के शव ग्रह में रखवाया जा रहा है। घटना का कारण अज्ञात है लेकिन पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है।
घर में केवल परिवार का छोटा बेटा बचा है जो अपनी बहन को लेने के लिए सागर गया हुआ है, मृतक की पहचान हिंडोरिया थाना के करैया गांव निवासी भरत अहिरवार 58, पत्नी उमा अहिरवार 55 और बेटे मुकेश अहिरवार 30 के रूप में हुई है।
भरत अहिरवार जिला अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे, उनके साथी भागचंद अहिरवार ने बताया कि हम लोग जिला अस्पताल में एक साथ सिक्योरिटी गार्ड का काम करते हैं। सात साल से एक दूसरे के परिचित हैं, भारत के बेटे मुकेश की दो साल पहले ही शादी हुई थी और पत्नी गर्भवती है।
छोटा भाई दौलत बहन को लेने के लिए सागर गया हुआ है, इसी बीच इन तीनों ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। मुकेश की पत्नी को भी घटना के बारे में नहीं बताया गया है और ना ही उसके छोटे भाई दौलत को कोई जानकारी है।
मृतकों के पड़ोसी मनोज अहिरवार ने बताया कि घटना के 10 मिनट पहले मुकेश मेरे घर पर आया था, उसने बताया कि घर पर कुछ समस्या आ गई है मेरे साथ घर चलो। तब मैंने कहा कि अभी घर पर पूजा चल रही है कुछ देर के बाद आते है। 10 मिनट बाद पता चला कि मुकेश ने ट्रेन से कट कर आत्महत्या कर ली।
जैसे ही उनके माता-पिता ने बेटे का शव देखा वह बाइक से धरमपुरा फाटक के समीप पहुंचे और वह भी पटरी पर लेट गए और वह भी ट्रेन से कट गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, क्योंकि रक्षाबंधन के दिन माता-पिता और बेटे की मौत हो गई है। परिवार में किसी को अभी कोई जानकारी नहीं है।
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। सबसे पहले करैया फाटक के समीप मुकेश ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या की है। जैसे ही माता-पिता ने बेटे का शव देखा वह भी छिपते हुए बाइक से धरमपुरा फाटक के समीप पहुंचे और उन्होंने भी ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।
मृतक मुकेश के पड़ोसी ने बताया है कि 10 मिनट पहले मुकेश उनके पास आया था और इसके बाद उन्हें उसकी मौत की खबर लगी और जब माता-पिता को यह जानकारी लगी तो उन्होंने भी आत्महत्या कर ली है। घटना का कारण अभी अज्ञात है क्योंकि परिवार का कोई भी व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं है।
यह भी पढ़ें- सरकारी जमीन का मालिकाना हक नहीं दे सकती न्याय पंचायत, 27 साल पुरानी अपील खारिज