
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। शहर में सोमवार दोपहर बेहद डरावनी व सनसनीखेज घटना हुई। बालगढ़ रोड क्षेत्र स्थित कबीट नाले के पास एक नशेड़ी अपने ही लगभग 20 दिन के नवजात बालक को पॉलिथीन में लेकर घूमता रहा। अचानक थैली फटने से नवजात नीचे गिर गया, जिसके बाद लोगों ने देखा और जानकारी पुलिस तक पहुंची। पुलिस ने नशेड़ी को हिरासत में लिया है, जबकि नवजात को जिला अस्पताल के एनआईसीयू में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार एबी रोड स्थित फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे रहने वाले श्रमिक परिवार का व्यक्ति दोपहर में हाथ में थैली लेकर कबीट नाले के पास घूम रहा था। इसी दौरान उसके हाथ में ली हुई थैली फट गई, जिसमें से एक नवजात बच्चा नीचे गिरा।
बच्चे के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने देखा, तो तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। बच्चे को पॉलिथीन में लेकर घूमते व्यक्ति की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंची। यहां से पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को पकड़ा और बच्चे को तुरंत बाल कल्याण समिति से संपर्क कर जिला अस्पताल भेजा। बच्चे को समिति सदस्यों ने एनआईसीयू में भर्ती करवाया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई है।
इधर पुलिस ने नशेड़ी व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने खुद को बच्चे का पिता बताया और पत्नी से झगड़ा होने के कारण बच्चे को लेकर आने की बात कही। कोतवाली टीआई शशिकांत चौरसिया ने बताया कि संबंधित के स्वजन को बुलवाया गया, जिनसे जानकारी के बाद इस बात की पुष्टि हुई कि वह बच्चे का पिता ही है। हालांकि नशेड़ी व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें- MP Weather Update: 22 सितंबर से एमपी में फिर सक्रिय होगा मानसून, भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में अलर्ट