
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। अंचल के नगर सतवास में मकान निर्माण के दौरान नाली बंद होने की शिकायत के बाद अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व व नगर परिषद की टीम से कहासुनी के बाद मकान मालिक दंपती संतोष व्यास व जयश्री व्यास ने स्वयं पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास 24 दिसंबर को किया था। इस घटना में जयश्री व्यास 60 प्रतिशत से अधिक व संतोष करीब 40 प्रतिशत झुलस गए थे।
प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को इंदौर रेफर किया गया था। वहां एक निजी अस्पताल में दोनों का उपचार चल रहा था। महिला को कई दिनों तक वेंटिलेटर पर रखा गया, सर्जरी भी की गई, हालत में सुधार भी हुआ लेकिन घटना के 19वें दिन रविवार को जयश्री की सांसें टूट गईं। आग से झुलसे संतोष स्वस्थ हैं, उनको अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
घटना के बाद सतवास में विरोध प्रदर्शन हुआ था। आक्रोशित लोगों ने सतवास के मुख्य मार्ग पर पांच घंटे से अधिक तक रास्ता जाम किया था। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने घटना वाले दिन ही तहसीलदार अरविंद दिवाकर व नप सीएमओ चुन्नीलाल जूनवाल को निलंबित कर दिया था। मामले जांच के लिए प्रशासन द्वारा समिति बनाई गई थी।
आत्मदाह के प्रयास की घटना के बाद घटनाक्रम से सीधे नहीं जुड़े एक व्यक्ति के यहां परिवार की महिला द्वारा हवाई फायरिंग की गई थी। बाद में महिला ने बंदूक पुलिस के सुपुर्द कर दी थी। इस मामले में सतवास पुलिस ने आरोपित रानी सोनी, नारायण सोनी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था।
सतवास में रविवार शाम को जयश्री की शवयात्रा निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन, नगरवासी शामिल हुए। इस दौरान पुलिस बल, तहसीलदार आदि मौजूद रहे। इससे पहले लोगों ने तहसीलदार हरिओम ठाकुर को ज्ञापन सौंपा जिसमें मामले की जांच जल्द पूरी करके न्याय दिलाने की मांग की गई।
-मामले में मर्ग डायरी इंदौर से आने के बाद मर्ग कायम करके जांच की जाएगी। जांच के हिसाब से आगे कार्यवाही की जाएगी-आदित्य तिवारी, एसडीओपी कन्नौद।