पुलिस के हाथ बहुत लम्बे होते हैं, यूपी और बिहार से समन्वय कर 1100 किमी दूर से ऐसे धरा शातिर अपराधी
अफसर अली को आभूषण बनाने के लिए सोना दिया था और वह एक सप्ताह तक आनाकानी के बाद अचानक परिवार के साथ गायब हो गया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 03 Mar 2026 10:09:13 PM (IST)Updated Date: Tue, 03 Mar 2026 10:55:13 PM (IST)
बंगाली कारीगर बिहार में गिरफ्तार।HighLights
- 35 सालों से वह यहां आभूषण बनाने का कर रहा था काम।
- अब उसे देवास लाकर घटना के बारे में पूछताछ की जाएगी।
- उसे लेने के लिए देवास पुलिस की टीम रात में रवाना हो गई।
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। देवास पुलिस ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि पुलिस के हाथ बहुत लम्बे होते हैं। देवास से सराफा व्यापारियों का सोना लेकर भागे बंगाली कारीगर को देवास पुलिस ने उत्तरप्रदेश और बिहार पुलिस से समन्वय कर शिकायत मिलने के कुछ ही घंटों में पकड़वा लिया। कारीगर बिहार पुलिस की नाकाबंदी में पकड़ा गया और सूचना मिलते ही देवास पुलिस की टीम भी देर रात बिहार के लिए रवाना हो गई।
सोमवार को देवास के सराफा व्यापारियों ने बंगाली कारीगर अफसर अली पुत्र अजगर अली के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत की थी। शुरूआती शिकायत में व्यापारियों ने बताया कि अफसर अली को आभूषण बनाने के लिए सोना दिया था और वह एक सप्ताह तक आनाकानी के बाद अचानक परिवार के साथ गायब हो गया है।
शिकायत को पुलिस ने गंभीरता से लिया और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर तुरंत जानकारी एसपी पुनीत गेहलोद को दी गई। एसपी ने उत्तरप्रदेश और बिहार की पुलिस से समन्वय कर आरोपित की संभावित लोकेशन के आधार पर नाकाबंदी करवाई। एउसपी पुनीत गेहलोद ने बताया कि आरोपित को देर रात बिहार पुलिस ने सासाराम क्षेत्र से पकड़ा है। उसे अभिरक्षा में ले लिया है और अग्रिम पूछताछ की जा रही है।
![naidunia_image]()
देवास के व्यापारियों का सोना लेकर भागा बंगाली कारीगर बिहार में गिरफ्तार, 35 साल से कर रहा था काम
देवास पुलिस की टीम भी देर रात रवाना हो गई। देवास पुलिस ने लगभग 1100 किमी दूर नाकाबंदी करवाई गई, जिसके चलते राेहतास जिले के एक हाइवे पर वह पकड़ा गया। व्यापारियों ने सोमवार को मीडिया के सामने बताया था कि अफसर अली लगभग 1 किलो सोना लेकर फरार हुआ है।
हालांकि इस वजन को लेकर शुरूआत से ही संशय है। सूत्रों के अनुसार व्यापारियों ने सोने का जो वजन बताया था वह काफी ज्यादा है, जबकि आरोपित के पास काफी कम मात्रा में सोना मिला है। पूछताछ की जा रही है कि उसने सोना कहीं ओर ठिकाने लगाया है किसी अन्य को बेचा है।
शहर के सराफा बाजार में अफसर अली लगभग 35 वर्ष से आभूषण बनाने का काम करता था। सभी व्यापारियों को उसपर विश्वास था, जिसके चलते उसे ग्राहकों के आभूषण बनाने का काम दिया जाता था। 1 मार्च की मध्यरात्रि वह अपने परिवार के साथ कार व बाइक से अचानक फरार हो गया। आरोपित पर करीब 15 से 20 व्यापारियों और ग्राहकों का सोना ले जाने का आरोप है।