
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। देवास जिले के दूरस्थ अंचल हरणगांव थाना क्षेत्र के ग्राम खिवनी निवासी 18 वर्षीय सुनीताबाई पत्नी जबरसिंह बारेला का शव सोमवार को गांव के पास स्थित तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के शव से करीब 20-20 किलो वजनी दो पत्थर बंधे होने की बात सामने आई है। वहीं स्वजन ने उसके बाल जले हुए होने का भी दावा किया है। घटना के बाद महिला के पिता ने बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सुनीता के पिता श्यामसिंह बारेला निवासी चंदपुरा ने बताया कि उनकी बेटी करीब छह दिन से लापता थी। घटना से पहले सुनीता के पति जबरसिंह का फोन आया था। पति ने फोन पर कहा कि उनकी बेटी यहां से भागकर जा रही है। इस पर उन्होंने सुबह आकर बात करने की बात कही। पिता के अनुसार करीब आधे घंटे बाद जबरसिंह ने दोबारा फोन कर बताया कि सुनीता भाग गई है। इसके बाद से स्वजन पिछले छह दिनों से सुनीता की तलाश कर रहे थे।
सोमवार को गांव के पास तालब में उसका शव मिला। स्वजन का आरोप है कि शव जिस अवस्था में मिला और शरीर से भारी पत्थर बंधे होना सामने आया है, उससे उन्हें हत्या कर शव को तालाब में फेंके जाने का संदेह है। स्वजन के अनुसार सुनीताबाई और जबरसिंह बारेला ने करीब पांच माह पहले प्रेम विवाह किया था। विवाह के कुछ समय बाद ही सुनीता के लापता होने और अब उसका शव मिलने से परिवार में मातम पसरा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सुनीता की मौत कैसे हुई और उसकी मृत्यु के पीछे क्या कारण थे।
स्वजन ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शव में पत्थर बंधी हालत में ही पीएम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खातेगांव ले जाया गया, पीएम के बाद शव स्वजन के सुपुर्द किया गया।
हरणगांव थाना प्रभारी अभिषेक सेंगर ने बताया कि गांव के पास वन विभाग के बने छोटे तालाब से सुनीता का शव मिला है, शव में पत्थर बंधे हुए थे। महिला छह दिनों से लापता थी। तालाब में पानी कम होने पर उसके हाथ-पैर दिखने पर मामला सामने आया है। शव की स्थिति देखकर प्रथमदृष्टया हत्या का मामला लग रहा है। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- नागदेवता के दर्शन कर रही महिला को सांप ने डसा, अस्पताल में भर्ती, सपेरे को पकड़कर ले गई पुलिस