नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। देवास पुलिस ने ई-जीरो एफआइआर और ऑपरेशन साइबर के जरिए अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों को 1600 किलोमीटर दूर पश्चिम बंगाल के हावड़ा में दबिश देकर पकड़ा गया। आरोपितों के कब्जे से ठगी गई राशि में से 4.96 लाख रुपये भी जब्त किए गए हैं।
शिकायत मिलते ही देवास पुलिस ने डिजिटल ट्रेल और बैंकिंग ट्रांजेक्शन का तकनीकी विश्लेषण शुरू किया और सुराग सीधे पश्चिम बंगाल तक जा पहुंचे। टीम ने हावड़ा और कोलकाता में दबिश देकर मोहम्मद ताहिर और राहिल खान, दोनों निवासी कोलकाता को गिरफ्तार किया।
रुपये नकद जब्त किए गए
आरोपियों के पास से 4 लाख 96 हजार 500 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। आरोपितों से मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह एपीके लिंक भेजकर लोगों के मोबाइल हैक कर बैंक खातों से रकम निकाल लेता था।
पहले भी पकड़े गए हैं आरोपित
जानकारी के अनुसार, देवास पुलिस ने पिछले दिनों झारखंड के गिरिडीह से इसी प्रकार की फाइल भेजकर ठगी करने वाले चार आरोपितों को गिरफ्तार किया था। दोनों घटनाएं एक ही दिन में हुई थीं।
पूर्व में 8 दिन उसी क्षेत्र में टीम खोजबीन कर आई थी। इसके बाद पिछले दिनों लगभग 5 दिन उसी क्षेत्र में रहकर टीम ने रैकी की और आखिरकार दोनों को पकड़ा। शनिवार को दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है। आरोपितों से पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई में रही टीम की भूमिका
कार्रवाई में टीआइ नाहर दरवाजा अमित सोलंकी के नेतृत्व में उनि गणेश लाल जटिया, जगदीश चौहान, प्रधान आरक्षक नितेश द्विवेदी, धर्मराज सिंह, यशवंत तोमर, आरक्षक नवदीप महाजन सहित साइबर सेल प्रभारी शिवप्रताप सिंह सेंगर, प्रधान आरक्षक सचिन चौहान, गीतिका कानूनगो, मुर्तजा कर्नल, आरती सिंह, नैना खान, निशा पाटोरिया, मोनू राणावत और राहुल बडोले की भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों की मौज! भोपाल की 10 ट्रेनों में लगेंगे AC-3 इकोनॉमी कोच, अब सस्ते में मिलेगी कन्फर्म सीट, देखें पूरी लिस्ट