देवास : देर रात नाले में अचानक बढ़े पानी में बहा तीन साल का मासूम, तलाश जारी
अंचल के सतवास थाना क्षेत्र के ग्राम मोहाईजागीर में नाले में अचानक बढ़े जलस्तर में तीन साल का बालक बुधवार देर शाम बह गया। घटना के दौरान कुछ बच्चे नाले ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 13 Aug 2026 12:15:10 PM (IST)Updated Date: Thu, 13 Aug 2026 12:15:10 PM (IST)
तीन साल का मासूम अयांश। नाले में आया पानी। (एआई इमेज)HighLights
- सतवास थाना क्षेत्र के ग्राम मोहाईजागीर की घटना, अचानक जलस्तर बढ़ने से बहा
- घटना के दौरान कुछ बच्चे नाले के आसपास खेल रहे थे, इसी दौरान अयांश तेज बहाव में बह गया
- देर रात तक तलाश करने के बाद रोका अभियान, आज फिर शुरू की गई सर्चिंग
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : अंचल के सतवास थाना क्षेत्र के ग्राम मोहाईजागीर में नाले में अचानक बढ़े जलस्तर में तीन साल का बालक बुधवार देर शाम बह गया। घटना के दौरान कुछ बच्चे नाले के आसपास खेल रहे थे, इसी दौरान अयांश नाम का बालक तेज बहाव में बह गया।
काफी देर के प्रयास के बाद भी कुछ पता नहीं चलने पर अभियान रोक दिया गया
सूचना के बाद पुलिस, एसडीईआरफ की टीम मौके पर पहुंची और बालक की सर्चिंग रात होने के बावजूद शुरू की गई। काफी देर के प्रयास के बाद भी कुछ पता नहीं चलने पर अभियान रोक दिया गया। इसके बाद गुरुवार को फिर से बालक की तलाश शुरू की गई।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची
ग्रामीणों के अनुसार घटना मोहाई-बापच्या मार्ग स्थित नाले पर हादसा हुआ है। जैसे ही इसका चला, उसके बाद डायल-112 को सबसे पहले सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों ने भी अपने स्तर से प्रयास किए
ग्रामीणों ने भी अपने स्तर से प्रयास किए लेकिन बालक का कुछ पता नहीं चल पाया। सतवास पुलिस थाना टीआइ दिलीप पुरी ने बताया गुरुवार को पुलिस व एसडीईआरएफ की टीम सर्चिंग में लगी हुई है।
सतवास क्षेत्र में अब तक 622 मिमी वर्षा...
जिले में तीन दिनों तक रुक-रुककर वर्षा का दौर चला। इसके कारण सतवास क्षेत्र में भी नदी व नालों में जलस्तर बढ़ गया है। ग्रामीणों के अनुसार नालों में जलस्तर तेजी से घटता-बढ़ता है। सतवास क्षेत्र में इस मानसून सीजन में अब तक 622 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है। जो पिछले साल इस अवधि की तुलना में करीब 68 मिमी अधिक है।
पुल-पुलिया पर वर्षा का पानी आने से कई घंटे रुके कांवड़ यात्री
पीपरी : धारा जी से बुधवार को मैया नर्मदा का जल लेकर गंधर्वपुरी, कैलोद, बांगड़दा आदि क्षेत्रों के लिए कांवड़ यात्री रवाना हुए। वर्षा के बीच यात्रियों ने पूजा अर्चना कर यात्रा प्रारंभ की। पीपरी से धाराजी के बीच भूतकोटा एवं पूरणी नदी के पुल-पुलिया पर जलस्तर बढ़ने के कारण यात्रियों को बीच में ही रुकना पड़ा।
जानकारी के अनुसार यात्रियों ने करीब दो घंटे तक पानी कम होने का इंतजार किया। उधर कुछ कांवड़ यात्री चार किमी का चक्कर लगाकर रात करीब आठ बजे पीपरी में मैया मनकामनेश्वरी नर्मदा मंदिर सनातन विचार मंच परिसर पर पहुंचे। यहां से गुरुवार सुबह यात्रा उदयनगर की ओर प्रस्थान करेगी। विभिन्न गांवों के अलग-अलग 251 यात्री शामिल हैं।