देवास कन्या भ्रूण हत्या मामला: विनायक अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग का छापा, घंटों खंगाले गए रिकॉर्ड
देवास के विभिन्न डाक्टरों द्वारा कथित तौर पर कन्या भ्रूण हत्या की सहमति से जुड़े स्टिंग के वायरल वीडियो ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 13 Apr 2026 10:52:01 PM (IST)Updated Date: Mon, 13 Apr 2026 10:52:01 PM (IST)
भ्रूण हत्या की सहमति से जुड़े स्टिंग के बाद बढ़ी सख्ती।HighLights
- भ्रूण हत्या की सहमति से जुड़े स्टिंग के बाद बढ़ी सख्ती
- एक अस्पताल पहले ही हो चुका सील, अन्य भी दायरे में
- ब्लैकमेलिंग कांड के 3 आरोपितों की रिमांड 5 दिन बढ़ी
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। शहर के विभिन्न डाक्टरों द्वारा कथित तौर पर कन्या भ्रूण हत्या की सहमति से जुड़े स्टिंग के वायरल वीडियो ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर विभाग अब लगातार जांच कर रहा है। रविवार को सिविल लाइन स्थित विनायक अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की टीम सीएमएचओ के नेतृत्व में अचानक पहुंची और घंटों अस्पताल के रिकार्ड खंगाले।
टीम ने अस्पताल के रजिस्टर, दस्तावेज और अन्य रिकार्ड की बारीकी से जांच की। साथ ही अस्पताल प्रबंधन से पूछताछ भी की। अधिकारियों के अनुसार वीडियो में सामने आए तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है।
जांच पूरी होने तक कार्रवाई जारी रहेगी
सीएमएचओ डॉ. बेक ने कहा कि भ्रूण हत्या जैसे मामले की शिकायत और वीडियो में बाते हैं। इसको लेकर जांच पूरी होने तक कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह दूसरा अस्पताल है जो जांच के दायरे में आया है। जांच के बाद प्रतिवेदन बनाकर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा। बता दें कि ब्लैकमेलिंग कांड में डाक्टरों की ओर से कुल चार एफआइआर दर्ज हुई है, इसको देखते हुए अन्य अस्पताल भी जांच के दायरे में आ सकते हैं।
श्रीराम अस्पताल पहले ही हो चुका सील
मामले में पीसीपीएनडीटी और एमटीपी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज होने के बाद से फरार चल रही डॉ. चारू तिवारी की तलाश जारी है। एफआईआर के बाद स्वास्थ्य विभाग ने श्रीराम अस्पताल पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया था। इस संबंध में कोतवाली टीआइ श्यामचंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपित डाक्टर की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक गायत्रीराजे पवार ने भी अधिकारियों से चर्चा कर सभी जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- गुना में बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर डकैती, पहले चेहरे पर मुक्का मारकर तोड़े दांत, फिर नकद और गहने ले उड़े
ब्लैकमेलिंग कांड में तीन आरोपित फिर रिमांड पर
इधर डाक्टर ब्लैकमेलिंग कांड में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपितों को रिमांड खत्म होने पर न्यायालय में पेश किया। पुलिस की मांग पर न्यायालय ने राजेश धनेचा, विनय अरोरा और रजनी भाटिया को पांच दिन की अतिरिक्त रिमांड पर सौंप दिया। कोतवाली टीआई श्यामचंद्र शर्मा के अनुसार आरोपितों से अब तक लगभग 3.80 लाख रुपये की रिकवरी हुई है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और बाकी रकम की बरामदगी अभी शेष है।