नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। शहर में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लिस्टेड बदमाशों के दो गुटों के बीच गुरुवार देर रात संघर्ष हुआ। एबी रोड से कुछ दूरी पर भवानी सागर क्षेत्र में रात करीब एक से दो बजे के बीच पुरानी रंजिश को लेकर गैंगवार जैसे हालात बने और एक पक्ष की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई।
लड्डूनाथ योगी की मौत
गोलीकांड में 19 वर्षीय युवक शुभम उर्फ लड्डूनाथ योगी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गौतम योगी गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपित और मृतक दोनों पक्षों पर पहले से शहर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। घायल युवक भी हत्या के प्रयास के मामले में कुछ दिन पूर्व ही जेल से छूटा था।
अपने घर पर खाना खा रहा था
पुलिस के अनुसार लड्डूनाथ वारदात से कुछ समय पहले अपने घर पर खाना खा रहा था। इसी दौरान उसका साथी गौतम वहां पहुंचा और आरोपितों द्वारा विवाद किए जाने की बात कही। लड्डूनाथ उन्हें समझाने के लिए घर से निकला, लेकिन कुछ ही देर में क्षेत्र में गोलियों की आवाजें गूंजने लगीं।
घटना के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने लड्डूनाथ को मृत घोषित कर दिया। गौतम के पैर में दो गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है, जिसे इंदौर रेफर किया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही नाहर दरवाजा टीआई अमित सोलंकी व अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटनास्थल पर चार से पांच राउंड फायरिंग हुई है।
टीआई सोलंकी ने बताया कि मामले में ऋतिक सिहोते, तुषार सिहोते, विपिन बाली, वरुण बाली, गट्टू सिहोते और राहुल उर्फ शूटर सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने देर रात कई स्थानों पर दबिश देकर कुछ आरोपितों को राउंडअप किया है।