साइबर ठग दो माह से था फरार, थाईलैंड भागने फिराक में था, अहमदाबाद एयरपाेर्ट से पकड़ा
देवास पुलिस ने साइबर ठग शुभम संसारिया को अहमदाबाद एयरपोर्ट से पकड़ा। आरोपी थाईलैंड भागने वाला था और करोड़ों की ठगी में म्यूल अकाउंट नेटवर्क चलाता था। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 18 Mar 2026 10:15:31 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Mar 2026 10:15:31 PM (IST)
देवास पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ मिली बड़ी सफलता। (फाइल फोटो)HighLights
- साइबर ठग शुभम संसारिया अहमदाबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार हुआ।
- आरोपी थाईलैंड भागने की फिराक में पुलिस ने पकड़ा।
- टेलीग्राम से निवेश का लालच देकर ठगी करता था।
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। देवास पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। करोड़ों रुपये की ठगी और म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने के मामले में फरार इनामी आरोपी शुभम संसारिया उर्फ शुभम नामदेव को अहमदाबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। आरोपी विदेश भागने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उसकी योजना विफल कर दी।
ऑपरेशन मैट्रिक्स से खुला बड़ा नेटवर्क
- एसपी पुनीत गेहलोद ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन मैट्रिक्स’ के तहत 8 जनवरी को बड़ी कार्रवाई की थी। इस दौरान गंगानगर स्थित होटल श्रीजी में दबिश देकर पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और तकनीकी जांच में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ।
आरोपियों के मोबाइल फोन और बैंक खातों की जांच में करोड़ों रुपये के लेन-देन का पता चला, जो देशभर में फैले साइबर फ्रॉड से जुड़ा था। टेलीग्राम के जरिए ठगी का जाल
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह टेलीग्राम के माध्यम से लोगों को शेयर मार्केट में निवेश का लालच देता था। फर्जी पहचान के साथ लोगों को मोटे मुनाफे का झांसा देकर उनके खातों में रकम ट्रांसफर करवाई जाती थी। इस रकम को विभिन्न म्यूल अकाउंट्स के जरिए घुमाकर आरोपी फरार हो जाते थे और पीड़ितों से संपर्क खत्म कर देते थे।
म्यूल अकाउंट सप्लाई करने वाले एजेंट भी गिरफ्तार
- डिजिटल ट्रेल का पीछा करते हुए पुलिस ने गिरोह के सीनियर एजेंट्स को भी गिरफ्तार किया। इनमें मंजीत सिंह भाटी उर्फ राज सोनी, नितेश बिरला, जितेंद्र राजपूत और शुभम परमार शामिल हैं।
- ये एजेंट साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराते थे, जिनका इस्तेमाल अवैध लेन-देन के लिए किया जाता था। इससे पूरे नेटवर्क की गहराई और विस्तार का पता चला।
दो महीने से फरार था मुख्य आरोपी
- मुख्य आरोपी शुभम संसारिया पिछले करीब दो महीने से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी और उस पर एक हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
- पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी देश छोड़कर थाईलैंड भागने की कोशिश में है। 17 मार्च को उसके अहमदाबाद एयरपोर्ट पर होने की जानकारी मिली।
एयरपोर्ट पर घेराबंदी कर गिरफ्तारी
सूचना मिलते ही देवास पुलिस ने तुरंत अहमदाबाद पुलिस से संपर्क किया। संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया। इसके बाद देवास पुलिस की टीम अहमदाबाद पहुंची और आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई से पुलिस ने एक बड़े साइबर अपराधी को देश से फरार होने से पहले ही पकड़ लिया।
रिमांड पर पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपी को देवास लाकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है। अब उससे साइबर ठगी के अन्य मामलों और नेटवर्क से जुड़े और लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।