शादी के आठवें दिन रफू चक्कर हो गईं दो दुल्हनें, लगा तीन लाख का फटका
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बेड़ामऊ के अलग-अलग परिवार के रवि जाटव व सतीश जाटव की शादी 16 दिसंबर को सरिता व आरती नाम की युवतियों से हुई थी ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 27 Dec 2025 10:16:43 PM (IST)Updated Date: Sat, 27 Dec 2025 10:27:16 PM (IST)
देवास में सामने आया लुटेरी दुल्हन का केस।HighLights
- शादी के आठवें दिन रफूचक्कर हो गईं दो दुल्हनें
- कमलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेड़ामऊ की वारदात
- तीन महिलाओं सहित पांच लोगों पर प्रकरण दर्ज
नईदुनिया न्यूज, कमलापुर (देवास)। शादी के नाम पर दो युवकों से तीन लाख रुपये लेने के बाद एक ही दिन शादी हुई, घरों में हंसी-खुशी का माहौल रहा और आठवें दिन दोनों दुल्हनें अचानक लापता हो गईं। इसके बाद इन घरों में हड़कंप मच गया। स्वजनों ने अपने स्तर से इनकी तलाश की, जिन लोगों के माध्यम से शादियां हुई थी उनसे भी संपर्क का प्रयास किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद में मामला पुलिस थाने तक पहुंचा।
घटना अंचल के कमलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेड़ामऊ की है जिसमें पुलिस ने तीन महिलाओं सहित पांच आरोपितों पर धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज करके जांच शुरू की है। सभी आरोपित छिंदवाड़ा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बेड़ामऊ के अलग-अलग परिवार के रवि जाटव व सतीश जाटव की शादी 16 दिसंबर को सरिता व आरती नाम की युवतियों से हुई थी। इसके बाद 23 दिसंबर को दोनों अचानक लापता हो गईं। जब इनका कुछ पता नहीं चला तो पुलिस से शिकायत की गई।
इसके आधार पर पुलिस ने आरोपित सरिता निवासी ग्राम जंबाकिराड़ी, आरती मरकाम निवासी टिकाड़ी जिला छिंदवाड़ा सहित पार्वती मरकाम, मनीष चौबे, अजय मरकाम के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करके तलाश शुरू की है। कमलापुर थाना प्रभारी एसएस मीणा ने बताया शादी के नाम पर एक युवक से 1.60 लाख रुपये, दूसरे युवक से 1.40 लाख रुपये लिए गए थे। मनीष नाम का आरोपित शादी करवाने में शामिल होने की जानकारी मिली है।