जन्मदिन के दिन ही उजड़ गई मां की गोद, देवास में क्रिकेट की गेंद निकालने कुएं में उतरे दो मासूमों की मौत
चौकी प्रभारी हर्ष चौधरी ने बताया कि गेंद लेने के लिए एक बच्चा कुएं में उतरने का प्रयास करते हुए फिसलकर गिर गया, इसी दौरान दूसरा बच्चा भी उसे बचाने के ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 19 Apr 2026 10:02:47 PM (IST)Updated Date: Sun, 19 Apr 2026 10:02:47 PM (IST)
क्रिकेट गेंद ने ली 2 मासूमों की जान।HighLights
- क्रिकेट गेंद ने ली 2 मासूमों की जान
- इकलौते बेटे की मौत से टूटी माता
- शव लेकर पहुंची कुलदेवी के द्वार
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। अंचल के ग्राम नेवरी में क्रिकेट खेल रहे बच्चों के साथ बेहद दुखद और झकझोर देने वाला हादसा हो गया। खेल के दौरान गेंद पास ही स्थित बिना मुंडेर के कुएं में जा गिरी। गेंद निकालने के प्रयास में एक बच्चे का पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर पड़ा, उसकी मदद करने पहुंचा दूसरा बच्चा भी हादसे का शिकार हो गया।
शव लेकर कुलदेवी के पास पहुंची मां
झकझोर देने वाली घटना में अपने बेटे का शव देखकर विलाप करती हुई मां उसको जीवित करने की आस में कुलदेवी के पास ले पहुंची। पुलिस व स्वजन की समझाइश के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
नेवरी चौकी प्रभारी हर्ष चौधरी ने बताया कि 15 वर्षीय देवेंद्र गोस्वामी एवं 16 वर्षीय राजवीर नायक दोनों निवासी बरोठा फाटा नेवरी अन्य बच्चों के साथ क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान गेंद पास स्थित बिना मुंडेर के कुएं में चली गई। गेंद लेने के लिए एक बच्चा कुएं में उतरने का प्रयास करते हुए फिसलकर गिर गया, इसी दौरान दूसरा बच्चा भी उसे बचाने के प्रयास में असंतुलित होकर कुएं में गिर गया।
क्षेत्र में पसरा मातम
साथ में खेल रहे बच्चों ने शोर मचाकर लोगों को बुलाया। लोगों ने काफी देर की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को कुएं से बाहर निकाला और हाटपिपल्या के अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में बाल विवाह पर एक्शन, 3 शादियों और 1 निकाह को प्रशासन ने रुकवाया, नाबालिगों के दस्तावेजों ने खोली पोल
कुलदेवी के पास लेकर पहुंची मां
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे में मृतक देवेंद्र का रविवार को ही जन्मदिन भी था और वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इधर मृतक राजवीर की मां बदहवास हालत में उसको लेकर कुलदेवी के मंदिर जीवित करने की आस में पहुंची। यहां काफी देर तक पुलिस व अन्य ने समझाईश दी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शवों का पोस्टमार्टम सोमवार को किया जाएगा।