देवास के कांटाफोड़ थाने से भागे चोरी के दो आरोपी, जंगलों में खोज रही पुलिस
मध्य प्रदेश के देवास जिले में कांटाफोड़ थाने से चोरी के दो आरोपियों के भागने की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक गणेश मंदिर में कुछ महीने पहले हुई ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 22 Jan 2026 11:20:51 AM (IST)Updated Date: Thu, 22 Jan 2026 11:26:14 AM (IST)
कांटाफोड़ थाने से दो आरोपियों के भागने को लेकर पुलिस पर सवाल खड़े हो रहे हैं। - प्रतीकात्मक तस्वीरHighLights
- करीब दो माह पहले कांटाफोड़-बिजवाड़ मार्ग स्थित गणेश मंदिर में चोरी हुई थी
- दोनों ही आरोपी किसी अन्य अपराध के मामले में इंदौर में जेल में बंद थे
- जमानत पर छूटने के बाद पुलिस उन्हें इंदौर से पकड़कर कांटाफोड़ लाई थी
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। अंचल के कांटाफोड़ थाना क्षेत्र स्थित गणेश मंदिर में कुछ माह पहले हुई भगवान के आभूषण व नकदी की चोरी के मामले में पुलिस द्वारा पकड़े गए दो आरोपी बुधवार रात को थाने से भाग गए। उनके भागने का पता चलने पर थाने में हड़कंप मच गया और ताबड़तोड़ पुलिस टीमें तलाश में इंदौर रोड, बिजवाड़ रोड, खातेगांव रोड और जंगलों की ओर रवाना हुई, हालांकि गुरुवार सुबह तक आरोपियों का कुछ पता नहीं चल सका था।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी गुरुवार सुबह 7 बजे के आसपास थाने से भागे। इनके द्वारा करीब दो माह पहले कांटाफोड़-बिजवाड़ मार्ग स्थित गोविंद नगर क्षेत्र में भगवान गणेश के मंदिर में चोरी की गई थी। यह भी जानकारी सामने आई है कि दोनों आरोपी किसी अन्य अपराध के मामले में इंदौर में जेल में बंद थे और पिछले दिनों ही जमानत पर छूटे थे।
भागने वालों के नाम नंदलाल व रोहित दोनों निवासी गांव जानसूर जिला देवास बताए जा रहे हैं। इंदौर से इन्हें कांटाफोड़ पुलिस पकड़कर लाई थी और पूछताछ की जा रही थी। घटनाक्रम को लेकर कांटाफोड़ थाना प्रभारी सुरेखा निमोदा का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया है। चोरी के मामले में दोनों संदेही थे, उनकी तलाश में टीम लगी हुई है।