
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। अंचल के सतवास थाना क्षेत्र में सतवास-पुनासा मार्ग पर ग्राम बाईजगवाड़ा के पास तेज रफ्तार फार्च्यूनर कार के चालक ने सोमवार शाम बाइक सवारों को रौंद दिया इसके बाद कार मक्के के खेत में घुस गई।
हादसे में गंभीर चोट लगने से बाइक सवार खंडवा जिले के निवासी दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अस्पताल पहुंचाया गया।
मामले में केस दर्ज करके जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार का चालक नशे में होना बताया गया है। हादसे में जहां बाइक (एमपी12एमवाय9150) पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं कार के अगले हिस्से में भी नुकसान हुआ है।
सतवास थाना पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नितेश पुत्र काशीराम डावर, 34 वर्षीय शक्ति पुत्र नान सिंह डावर दोनों निवासी बायफल पुनासा थाना नर्मदानगर खंडवा के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार बहुत तेज गति में थी, बाइक को चपेट में लेकर काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। जिस समय हादसा हुआ उस दौरान बागली विधायक मुरली भंवरा क्षेत्र के भ्रमण पर थे।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद वो भी मौके पर पहुंचे और लोगों से चर्चा कर जानकारी ली, कई लोगों ने वाहनों की तेज गति पर अंकुश लगाने के उपाय किए जाने की मांग रखी।