
नईदुनिया न्यूज, सोनकच्छ (देवास)। माता-पिता द्वारा बुक की गई कार लेने दूसरे चार पहिया वाहन (एमपी 09-सीडी 3222) से इंदौर से भोपाल जा रहे इंदौर के भाजपा नेता के परिवार व रिश्तेदार बुधवार दोपहर करीब एक बजे इंदौर-भोपाल हाईवे पर सीहोर जिले के सेमलीबारी फाटा क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गए। अचानक एक टायर फटने के बाद वाहन असंतुलित होकर पलट गया।
हादसे में भाजपा नेता सहित सवार कई अन्य लोग घायल हो गए। इनको देवास जिले के सोनकच्छ के सरकारी सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच कर भाजपा नेता 38 वर्षीय मयूरेश गर्ग निवासी अग्रवाल नगर, इंदौर व उनकी बुआ 51 वर्षीय संगीता अग्रवाल निवासी सेंधवा को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में बच्चों सहित कुछ अन्य भी घायल हुए जिनका प्राथमिक उपचार कर इंदौर रेफर कर दिया गया। हादसे में मृत मयूरेश मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय के करीबी थे। वे इंदौर में विधानसभा क्रमांक-तीन में भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री रह चुके थे।
हादसे में प्रखर अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, पलक, रिंकी अग्रवाल सभी निवासी अग्रवाल कालोनी, सेंधवा, सुरभि गर्ग, शर्मिला गर्ग, कनव, दुर्वित व एक अन्य निवासी इंदौर घायल हुए हैं। इनमें से दो घायल अस्पताल में भर्ती है, बाकि को डिस्चार्ज कर दिया है। डीएसपी जावर हेमंत पांडे ने बताया कि टायर फटने से हादसा हुआ था, मामले की जांच की जा रही है।
हादसे की जानकारी मिलने पर नगर के समाजसेवियों के साथ अग्रवाल व माहेश्वरी समाज के हुकमचंद्र अग्रवाल, विष्णुकांत बजाज, नरेन्द्र मेहता, भाजपा नेता विजेन्द्रसिंह मनासा आदि सिविल अस्पताल पहुंचे व घायलों को ढांढस बंधाया। इसी दौरान इंदौर से आकाश विजयवर्गीय भी अस्पताल हुंचे। उन्होंने घायलों व उनके स्वजन से मिलकर घटना की जानकारी ली।
सिविल अस्पताल में मृतकों का पोस्टमार्टम पुलिस की उपस्थिति में किया गया। मृतकों के स्वजन उस समय अस्पताल प्रबंधन पर नाराज हो गए जब शव वाहन आने में अधिक विलंब हुआ। देवास से शव वाहन बुलवाया गया और उससे रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार हादसे में मृत संगीता अग्रवाल के पति सुनील अग्रवाल सेंधवा में भाजपा नगर प्रवक्ता हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद सेंधवा में शोक की लहर दौड़ गई। भाजपा नेता व करीबियों ने घायलों के हालचाल मोबाइल फोन पर संपर्क करके जाने।
हादसे में मां बेटे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिन्हें बॉम्बे अस्पताल में भर्ती किया गया है। अस्पताल के जीएम राहुल पाराशर ने बताया महिला को स्पाइन इंजूरी है। वहीं युवक को पैर में फ्रैक्चर है। दोनों की हालत स्थिर बनी हुई है। जांच व उपचार के बाद ऑपरेशन किया जाना है।