
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। देवास शहर के विकास नगर में नागपंचमी पर पूजा के दौरान नागदेवता के दर्शन करना एक महिला को भारी पड़ गया। पूजा स्थल पर सांप के दर्शन करते समय उसने महिला की उंगली में डस लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्वजन तत्काल महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती किया गया। बाद में स्वजन महिला को निजी अस्पताल ले गए।
जानकारी के अनुसार ऋषिका चौहान नागपंचमी के अवसर पर पूजा कर रही थीं। इसी दौरान कालबेलिया समुदाय का बबलू नामक युवक सांप लेकर वहां पहुंचा। महिला सांप के दर्शन कर रही थीं, तभी सांप ने उनकी उंगली में डस लिया। अचानक हुई घटना से पूजा स्थल पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद सांप लेकर आए युवक बबलू को पुलिस अपने साथ ले गई। युवक ने पुलिस को बताया कि उसने करीब दो दिन पहले सांप पकड़ा था और नागपंचमी पर पूजा के लिए उसे लेकर आया था। उसका दावा था कि सांप के डसने के बाद उसने उसका जहर निकाल दिया था।
यह भी पढ़ें- MP में 8,144 करोड़ से बनेंगे 11 नए इंडस्ट्रियल पार्क... उज्जैन, धार, देवास और जबलपुर समेत कई जिलों में होगा विकास
जिला अस्पताल के डाक्टर कमल प्रजापति ने बताया कि महिला को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था। ब्लड सैंपल की जांच में हिमोटॉक्सिक प्रभाव के प्रमाण नहीं मिले। महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद स्वजन उसे निजी अस्पताल ले गए। महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।