धामनोद में स्वास्थ्य व्यवस्था की खुली पोल, एंबुलेंस नहीं मिली तो सड़क किनारे साड़ियों की आड़ में गर्भवती का प्रसव
धामनोद के गुजरी में एंबुलेंस समय पर नहीं मिलने से गर्भवती महिला का सड़क किनारे प्रसव कराना पड़ा। पूर्व स्वास्थ्यकर्मी ने मदद की। जच्चा-बच्ची अस्पताल म...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 13 Aug 2026 07:56:37 PM (IST)Updated Date: Thu, 13 Aug 2026 07:56:37 PM (IST)
धामनोद में स्वास्थ्य व्यवस्था की खुली पोल। (नईदुनिया)HighLights
- समय पर 108 एंबुलेंस नहीं मिलने से परेशानी बढ़ी।
- सड़क किनारे साड़ियों की आड़ में महिला का प्रसव।
- पूर्व स्वास्थ्यकर्मी ने आसपास की महिलाओं संग मदद की।
नईदुनिया न्यूज, धामनोद। समीप के ग्राम गुजरी में गुरुवार को स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति का मामला सामने आया। ग्राम भारुडपुरा निवासी गर्भवती संगीता को प्रसव पीड़ा होने पर समय पर एंबुलेंस नहीं मिल सकी। स्वजन उसे निजी वाहन से अस्पताल ले जाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन रास्ते में प्रसव पीड़ा बढ़ जाने के कारण गुजरी में सड़क किनारे ही साड़ियों की आड़ में महिला का प्रसव कराना पड़ा।
परिजन का आरोप है कि उन्होंने मदद के लिए 108 एंबुलेंस पर फोन किया था, लेकिन एंबुलेंस किसी अन्य स्थान पर होने के कारण समय पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद स्वजन महिला को अपने वाहन से लेकर निकले। गुजरी पहुंचने के दौरान महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ गई और सड़क किनारे ही आसपास की महिलाओं की मदद से प्रसव कराना पड़ा।
अस्पताल में स्टाफ नहीं मिला
- गर्भवती महिला के साथ आई हीराबाई ने बताया कि एंबुलेंस नहीं मिलने पर वे दूसरे वाहन से सरकारी अस्पताल आ रहे थे। महिला दर्द से तड़प रही थी। ऐसे में आसपास की महिलाओं को बुलाया गया।
- सड़क किनारे ही साड़ियों की आड़ बनाकर महिला को प्रसव कराया गया। इस स्थान से अस्पताल 200 मीटर दूर था। हीराबाई ने बताया कि वह अस्पताल गई थी, लेकिन तब वहां कोई मौजूद नहीं था।
पूर्व स्वास्थ्यकर्मी ने सेवा भाव से कराया प्रसव
- बताया गया कि पूर्व में अस्पताल में कार्य कर चुकी महिला निर्मला हनोतिया ने अपने घर के बाहर गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा से परेशान देखा। स्थिति को देखते हुए उन्होंने सेवा भाव से आसपास की महिलाओं की मदद ली और साड़ियों की आड़ बनाकर प्रसव कराया।
- महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा और बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना को लेकर स्वजन ने समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने और स्वास्थ्य केंद्र में जिम्मेदार चिकित्सकीय स्टाफ के मौजूद नहीं होने पर सवाल उठाए हैं।