
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। तिरला के चिकलिया फाटे पर 29 अप्रैल को हुए भीषण सड़क हादसे में 18 लोगों की मौत के बाद प्रशासन और परिवहन विभाग ने सख्ती के दावे जरूर किए, लेकिन हकीकत अब भी सड़कों पर साफ दिखाई दे रही है। जिलेभर में आज भी ओवरलोड पिकअप वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं। मजदूरों और ग्रामीणों को पिकअप में ठूंस-ठूंसकर भरकर ले जाया जा रहा है।
हालात ये हैं कि हादसे के बाद भी जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई कागजों तक सीमित नजर आ रही है। कुक्षी क्षेत्र में सोमवार को ऐसा ही एक और बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लोणी फाटा के पास तेज गति से दौड़ रही एक ओवरलोड पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में करीब 15 लोग सवार थे। हादसे में सभी घायल हो गए।
किसी के हाथ में चोट आई तो किसी के सिर और पैरों में गंभीर घाव पहुंचे। कई घायलों के शरीर पर ऐसे जख्म बने हैं, जो लंबे समय तक दर्द देते रहेंगे। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, वरना चिकलिया फाटे जैसी एक और बड़ी त्रासदी सामने आ सकती थी।
घटना के बाद घायलों को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। उक्त मामले में फरियादी उदयसिंह मुजाल्दा निवासी सुलगांव ने कुक्षी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने पिकअप ड्राइवर निर्भयसिंह मंडलोई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन घटना के बाद से चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
फरियादी उदयसिंह ने बताया कि गांव के सभी लोग पिकअप क्रमांक एमपी 11 जी 0902 से ग्राम चिकली किसी काम से गए थे। वहां से वापस अपने गांव लौटते समय ड्राइवर निर्भयसिंह वाहन को तेज गति से चला रहा था।
इतना ही नहीं, वह सड़क पर वाहन को लहराते हुए चला रहा था। लोणी फाटा के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप पलटी खा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े।
हादसे में उदयसिंह, सुनील, मुनसिंह, मंगलसिंह, रमेश, शुभम, पप्पू, संतोष, रामा, सुखलाल, कैलाश, सोहन, कालूसिंह और प्रेमसिंह सहित अन्य लोग घायल हुए हैं।
यह भी पढ़ें : धार में 11 दिन पहले हुए हादसे में 18वीं मौत, केसरबाई की टूटी जिंदगी की डोर