
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में एक तांत्रिक ने 12वीं कक्षा की 19 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म किया, उसके गर्भवती होने पर आरोपित भूतबाधा बताकर गुमराह करता रहा। प्रसव होने पर उसने नवजात को मारने की भी कोशिश की।
पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां नवजात की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल आरोपित फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, करीब डेढ़ वर्ष पहले सरदारपुर थाने की रिंगनोद चौकी क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता की तबीयत खराब होने पर मां उसे रतनपुरा निवासी तांत्रिक बाबा नानूराम कटारा के पास ले गई थी। नानूराम झाड़-फूंक के लिए उसे रोज बुलाने लगा।
इसी दौरान आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया और जान से खत्म करने की धमकी दी। गर्भवती होने पर आरोपित ने उसके बढ़ते पेट को ‘भूतबाधा’ बताने लगा।
आठ अगस्त को युवती ने जब बच्ची को जन्म दिया तो स्वजन को घटना की जानकारी लगी। परिवार ने तब भी बदनामी के डर से शिकायत नहीं की।
लेकिन 12 अगस्त को तांत्रिक बाबा नवजात को मारने ले जा रहा था, इस बीच ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नवजात को बरामद कर सरदारपुर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।