धार जिले में भिलट देव मंदिर के शिखर पर चढ़ा नशे में धुत युवक, लोग चिल्लाते रहे- नीचे उतर जा भाई
मध्य प्रदेश के धार जिले के कुक्षी में मंगलवार देर रात एक युवक भिलट देव मंदिर के शिखर पर चढ़कर बैठ गया। युवक नशे की हालत में था, जिससे इस बार का डर बन ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 04 Feb 2026 10:07:33 AM (IST)Updated Date: Wed, 04 Feb 2026 10:13:33 AM (IST)
मंदिर के शिखर पर चढ़कर बैठा युवक।HighLights
- पुलिस ने की पूछताछ तो युवक बोला झंडा चढ़ाने चढ़ा था
- करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा जा सका
- पुलिस ने आगे से ऐसा ना करने की चेतावनी देकर उसे छोड़ा
नईदुनिया न्यूज, धार, कुक्षी। धार जिले में कुक्षी से लगे कुडदीगपुरा रोड स्थित पितृपर्वत भिलट देव मंदिर के ऊंचे शिखर पर मंगलवार रात करीब 11 बजे एक युवक चढ़ गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ठंड के मौसम और ऊंचाई को देखते हुए युवक के फिसलने या गिरने की आशंका बनी हुई थी, जिससे ग्रामीण लगातार उसे नीचे उतरने के लिए समझाइश करते रहे।
लोग उसे बार-बार चिल्ताते हुए कहते रहे नीचे उतर जा भाई, लेकिन युवक वहीं पर बैठा रहा है। युवक कुछ समय तक अपनी ही धुन में रहा और नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने सतर्कता बरतते हुए तुरंत कुक्षी पुलिस को भी घटना की सूचना दी। इसी दौरान ग्रामीण टार्च और मोबाइल की रोशनी लेकर मंदिर परिसर में जुटते गए।
एक घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुछ युवकों ने साहस दिखाया और आपसी समन्वय से युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। युवक के नीचे आते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
इसके बाद पुलिस युवक को पूछताछ के लिए थाने ले गई। बताया गया कि युवक कुडदीगपुरा गांव का ही निवासी है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि युवक नशे की हालत में मंदिर के शिखर पर चढ़ गया था, जबकि युवक का कहना था कि वह मंदिर पर झंडा चढ़ाने के उद्देश्य से ऊपर गया था। पुलिस ने युवक को समझाइश देकर आगे इस तरह की लापरवाही न करने की हिदायत दी और बाद में छोड़ दिया।