
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। क्षेत्र के ग्राम कवठी में बुधवार देर रात हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। अज्ञात बदमाश किसान के घर में घुसकर 55 से 60 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने में सफल हो गए। हालांकि पुलिस मात्र डेढ़ लाख की चोरी बता रही है। यह घटना क्षेत्र की अब तक की सबसे बड़ी चोरी की वारदात बताई जा रही है। खास बात यह रही कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें बदमाश चेहरे ढंके हुए दिखाई दे रहे हैं।
किसान दीपक पुत्र सोमाजी निवासी कवठी ने बताया कि घर में बुधवार रात करीब चार बजे बदमाश चोरी की नीयत से घुस आए। उस समय पूरा परिवार घर के अंदर गहरी नींद में सो रहा था। बदमाशों ने पहले घर के पास बने कोठार की दीवार फांदकर प्रवेश किया और बेहद शातिर तरीके से मकान के दो दरवाजे तोड़ दिए। इसके बाद तीसरा दरवाजा भी तोड़ते हुए सीधे उस कमरे तक पहुंच गए, जहां तिजोरी और दूसरे कमरे में अलमारी रखी हुई थी। स्वजन ने बताया कि भांजी की शादी होने से सोने-चांदी के आभूषण घर में ही रखे हुए थे। लॉकर में नहीं रख पाए।
बदमाशों ने तिजोरी उठाकर घर से कुछ दूरी पर कोठार में ले जाकर सब्बल से तोड़ दी और उसमें रखे लगभग 32 तोला सोना, करीब ढाई किलो चांदी तथा ढाई से तीन लाख रुपये नकद कुल 55 से 60 लाख रुपये की सामग्री लेकर फरार हो गए। घर से कुछ दूरी पर ही तिजोरी में रखे अन्य दस्तावेज, पर्स और महिला का सामान आसपास बिखरा मिला। किसान परिवार ने बताया कि यह हमारे पूरे जीवन की कमाई बदमाश चुरा कर ले गए हैं।
जिस कमरे में परिवार के सदस्य सो रहे थे, उसके दरवाजे बदमाशों ने बाहर से बंद कर दिए, ताकि कोई शोर सुनकर बाहर न निकल सके। सुबह जब परिवार जागा, तो दरवाजे बाहर से बंद मिलने पर पड़ोसियों द्वारा दरवाजे खुलवाए और देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और तिजोरी गायब मिली। इसके बाद आसपास तलाश करने पर मकान से कुछ दूरी पर टूटी हुई तिजोरी मिली। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज में देखा तो 25 से 35 वर्ष आयु के बदमाश हाथों में ग्लव्स पहने और चेहरे पर कपड़ा बांधे दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में कुछ बदमाश घर के बाहर निगरानी करते नजर आ रहे हैं, तो वहीं चोरी कर सामान लेकर भागते दिखाई दिए।
बदमाशों ने बड़ी सावधानी और योजना के साथ लाखों की घटना को अंजाम दिया, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। गुरुवार सुबह थाना प्रभारी ईश्वरसिंह चौहान, चौकी प्रभारी सुशील यदुवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फिंगर एक्सपर्ट टीम को भी मौके पर बुलाया, जिन्होंने आसपास जांच और साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया है। सिंघाना चौकी प्रभारी सुशील यदुवंशी ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर लिया है। घटना में बदमाश नकदी सवा लाख रुपए ले गए हैं और आभूषण का आकलन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा... इंदौर में जुलाई से शुरू होंगी अनुबंधित बसें, 32 मार्गों से होगी शुरुआत