
कपिल पारिख, नईदुनिया, मांडू (धार) : मध्य प्रदेश हिंदुस्तान का दिल है और मांडू हमारी शान है। ये धर्म, संस्कृति, कला, स्थापत्य और नैसर्गिक सौंदर्य का अद्भुत केंद्र है।
मांडू एक ऐसी पर्यटन स्थल है, जहां एक ही स्थान पर इतनी सारी खूबियां देखने को मिलती हैं। मांडू अभी वर्ल्ड हेरिटेज की टेंटेटिव सूची में है। हम इसे विश्व धरोहर बनाने की दिशा में भी आगे बढ़ रहे है।
उक्त बात सचिव पर्यटन एवं प्रबंध निदेशक पर्यटन बोर्ड इलैयाराजा टी ने नईदुनिया से विशेष चर्चा में कहीं। उन्होंने मांडू के पर्यटन को सौगात देने के लिए कई बड़ी बात भी कहीं।
पर्यटन सचिव ने कहा स्वदेश दर्शन योजना के तहत मांडू में लगभग 24 करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरt हो चुके हैं। ये काम मांडू को नई पहचान और नई ताजगी देंगे। ट्रैफिक जाम, पार्किंग और शौचालय जैसी बुनियादी कमियों को भी दूर किया जाएगा, ताकि पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें।
सचिव ने डा. इलैयाराजा कहा कि मांडू में निवेश और पर्यटन के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जा रहा है। देश के बड़े इन्वेस्टर यहां होटल निर्माण कर रहे हैं। आने वाले दिनों में पर्यटन बढ़ेगा और स्थानीय रोजगार भी बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि हमने सब्सिडी की प्रक्रिया को भी सरल कर दिया है, ताकि निवेशकों को सहूलियत मिले।
उन्होंने बताया कि सबसे प्राचीन डायनासोर जीवाश्म पार्क का कायाकल्प कर उसे आधुनिक स्वरुप दिया जाएगा। स्वदेश दर्शन योजना के तहत सुंदरीकरण के साथ सनडाउनर्स पाइंट बनाया जा रहा है जो पर्यटन को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगा।
पर्यटन सचिव ने कहा कि मांडू को डेस्टिनेशन वेडिंग एवं प्री वेडिंग के लिए देश का बड़ा केंद्र बनाने के लिए हम काम कर रहे हैं। मांडू का फिल्मी दुनिया से गहरा नाता रहा है, यहां फिल्मों की शूटिंग हो इसके लिए बेहतर माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
पर्यटन सचिव ने बड़ी सौगात देते हुए कहा कि मांडू में अत्याधुनिक शापिंग माल और फूड जोन बनाया जाएगा। जहां आधुनिक सुविधाएं होंगी और इसका स्वरुप अलग होगा। इसके लिए योजना बनाने का कार्य शुरु कर दिया गया है। पर्यटन से जुड़े सभी विभागों में सामंजस्य स्थापित कर मांडू के समुचित विकास को आगे बढ़ाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- Ram Navami 2023: मध्य प्रदेश के मांडू में चतुर्भुज रूप में विराजमान हैं भगवान राम