
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। जिले के टांडा थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरानी में दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 30 अप्रैल की शाम शादी समारोह से लौट रहे युवकों की कार कुएं में गिरने से संतोष (25) और मडिया (32) की मौत होने की बात सामने आई है। घटना को लेकर स्वजन जहां इसे सुनियोजित हमला बता रहे हैं। वहीं पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे हादसा मानते हुए गैर इरादतन हत्या की आशंका जता रही है।
स्वजन और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी लोग गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होकर अर्टिगा कार से लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते उनकी गाड़ी को घेर लिया, तोड़फोड़ की और मारपीट की। इसके बाद वाहन को कुएं में धक्का देने और पत्थर फेंककर बाहर निकलने से रोकने की बात कही गई है। घटना में एक युवक किसी तरह जान बचाकर निकल गया।
प्रत्यक्षदर्शी सपना कोहली ने बताया कि घटना के समय तत्काल कोई विवाद नहीं था, लेकिन एक-दो महीने पहले बैठने को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके चलते यह घटना हुई। घायल होकर बचे बंटू अनारे के मुताबिक अचानक हमला हुआ और उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं दिया गया।
वहीं पीड़ित पक्ष ने मेहर सिंह, राकेश, मुकेश, सुरु, रमेश, टीपू, थावर सिंह सहित अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। स्वजन का यह भी कहना है कि घटना के बाद पुलिस ने पहले रिपोर्ट दर्ज करने में टालमटोल की और इसे हादसा बताया।बुधवार को मृतकों के परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसपी सचिन शर्मा से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का आश्वासन दिया है।
इधर टांडा थाना प्रभारी संजय रावत का कहना है कि 30 अप्रैल को घटना के बाद 1 मई को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और मर्ग कायम किया गया है। प्रकरण दर्ज नहीं करने जैसी कोई बात नही है। मर्ग कायम कर लिया गया था। प्रारंभिक जानकारी में विवाह समारोह में विवाद के बाद भागने के दौरान वाहन अनियंत्रित होकर बिना मुंडेर वाले कुएं में गिरा, जिससे दोनों की मौत हुई। प्रथम दृष्टया मामला गैर इरादतन हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। स्वजन बयान देने के लिए आए है। उसके आधार पर प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
महू में सिरफिरे ने प्रेमिका की मां को खाई में धक्का देकर मार डाला, सगाई तोड़ने से था नाराज