
नईदुनिया न्यूज, बदनावर (धार)। उज्जैन-बदनावर फोरलेन पर नागेश्वर धाम से कुछ दूरी पर टू-लेन हिस्से में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर पलट गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। बताया जा रहा है कि तीनों युवक गुजरात के निवासी थे और उज्जैन में महाकाल दर्शन कर लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार मृतकों में 31 वर्षीय जयदीपसिंह पुत्र छत्रसिंह झाला एवं 30 वर्षीय शिशुपाल सिंह पुत्र किशोरसिंह शामिल हैं। वहीं 30 वर्षीय यश पुत्र सुभाष भाई डांगी घायल हुआ है। तीनों गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के निवासी बताए गए हैं। उज्जैन से लौटते समय उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
सूचना मिलने पर जननी एक्सप्रेस के पायलट अनिरुद्ध जोशी एवं 108 एंबुलेंस की सहायता से तीनों को उपचार के लिए बदनावर सिविल अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद जयदीपसिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शिशुपाल सिंह एवं यश को प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम मेडिकल कालेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान शिशुपाल सिंह ने भी दम तोड़ दिया। बताया गया कि उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-100 पुलिस भी मौके पर पहुंची और कार में रखा सामान अस्पताल पहुंचाया। मृतकों एवं घायल के स्वजन को सूचना दी गई। सोमवार सुबह जयदीपसिंह का पोस्टमार्टम बदनावर में कर शव स्वजन को सौंप दिया गया, जबकि शिशुपाल सिंह का पोस्टमार्टम रतलाम में किया गया। हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
गौरतलब है कि उज्जैन-बदनावर फोरलेन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा सुरक्षा मानकों के अनुरूप निर्मित किया गया है, लेकिन बदनावर के नागेश्वर धाम से ग्राम ढोलाना तक का हिस्सा लगातार हादसों के कारण चर्चा में रहा है। इस मार्ग पर पूर्व में भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें अनेक लोगों की जान जा चुकी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार नागेश्वर के पास गुजरात से उज्जैन की ओर जाने वाले वाहन चालक अक्सर भ्रमित हो जाते हैं और कई वाहन गलत दिशा में नगर की ओर प्रवेश कर जाते हैं। यहां पर्याप्त संकेतकों का अभाव भी महसूस किया जा रहा है। वहीं लेबड़-नयागांव फोरलेन पर बने ओवरब्रिज पर वाहन चालकों द्वारा रांग साइड से चढ़ने-उतरने की समस्या भी हादसों का कारण बन रही है।
उज्जैन में नाला निर्माण में लापरवाही बनी मुसीबत, महिला के शरीर के आर-पार हुआ सरिया