
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। जिला पंचायत कार्यालय परिसर में शुक्रवार को जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान विभागीय अधिकारियों के नदारद रहने पर नाराज शहपुरा विधानसभा से भाजपा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा अगर मैं मंत्री बन जाऊं तो कर्मचारी को ही डॉक्टर बना दूंगा।
मंच पर जब विभागीय अधिकारियों की जानकारी ली गई तो पशु विभाग से तृतीय श्रेणी कर्मचारी ही मौके पर पहुंचा। इसी बात को लेकर विधायक ने नाराजगी जहां जताई, वहीं संबंधित तृतीय श्रेणी कर्मचारी की तारीफ करते हुए कहा कि मंत्री बनने पर इसे मैं डॉक्टर की जगह रखूंगा।
विधायक द्वारा मंच से ही नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर को संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिविर के दौरान आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चला। बताया गया कि शिविर में कई विभाग के जिम्मेदार गायब थे। इसी तरह अमरपुर में भी शिविर के दौरान संख्या कम होना चर्चाओं में रहा। जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने भी शिविर में रक्तदान किया।
गौरतलब है कि केंद्र व राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया गया था। बताया गया कि जिले के विकासखंडों व नगरीय निकायों में 12 जून से 18 जून तक जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला पंचायत और नगर परिषद डिंडौरी में शिविर आयोजित किए गए।
जिले के शहपुरा विधानसभा क्षेत्र में इन शिविरों पर अभी रोक लगी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि विधायक के कहने पर यहां शिविर नहीं लग पा रहे हैं। इस संबंध में जब विधायक ओमप्रकाश धुर्वे से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि शिविर के साथ कुछ अन्य चीज जोड़ना है। इस कारण वहां शिविर नहीं लग पाए हैं। शीघ्र ही शहपुरा में शिविर लगना प्रारंभ हो जाएगा।
बताया गया कि यह शिविर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे हैं। जिला पंचायत प्रांगण में आयोजित जनपद पंचायत डिंडौरी के शिविर में कुल 120 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 90 संबल पंजीयन, 15 श्रमयोगी मानधन, 10 राजस्व खसरा संबंधी आवेदन आए। इस दौरान आजीविका मिशन अंतर्गत 5 प्रकरणों में 18 लाख रुपये की सीएलएफ राशि भी वितरित की गई।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि शिविरों के संचालन में प्रत्येक विकासखंड की दो अलग-अलग पंचायतों को शामिल किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों से अपील की कि वे पात्र हितग्राहियों को शिविर तक लाकर योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
इसी दौरान जिला पंचायत प्रांगण में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर में रेडक्रॉस सभापति नरेंद्र सिंह राजपूत, कोषाध्यक्ष सचिन जैन, सदस्य आशीष वैश्य व सुधीरदत्त तिवारी ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। जनकल्याण व रक्तदान शिविर के माध्यम से जहां एक ओर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ मिला, वहीं दूसरी ओर समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
उक्त शिविर में जिला भाजपा अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, जिला पंचायत सदस्य हीरा रूदेश परस्ते, प्रवीण कुमार दास, महेश धूमकेती, राहुल पांडे, तरुण ठाकुर, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, संयुक्त कलेक्टर भारती मेरावी, सीईओ जनपद प्रमोद ओझा, तहसीलदार शशांक शेंडे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।