
नईदुनिया प्रतिनिधि डिंडौरी करंजियाम। जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 17 जून से लापता 5 वर्षीय बालक इमरान का शव सोमवार को सुबह जंगल में टुकड़ों में मिला। शव की हालत देखकर परिजनों सहित ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर एसपी अशीष खरे ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और सभी एंगल से जांच के निर्देश दिए हैं।
करंजिया थाना ग्राम तरेरा निवासी इख्तियार खान के 5 वर्षीय बेटा इमरान 17 जून की सुबह करीब 7 बजे घर से लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
बालक की तलाश में तीन थानों की पुलिस 5 दिनों से जुटी थी। सोमवार को जंगल में एक महिला ने एक बच्चे के शव के अंग बिखरे हुए मिले, जिसकी पहचान कपड़ों से इमरान के रूप में हुई। बालक के शव का अंग घर से तीन-चार किलोमीटर दूर जंगल में मिले हैं।
बताया गया कि पीड़ित परिवार का घर भी जंगल से लगा हुआ था। गौरतलब है की पुलिस अधीक्षक आशीष खरे जानकारी लगने के बाद से ही इस मामले में पूरी गंभीरता बरत रहे थे। उनके द्वारा तीन थाना प्रभारी सहित पूरी पुलिस बालक की तलाश में लगा दी गई थी। 25 किलोमीटर क्षेत्र में सघन सर्चिंग भी जंगल में की गई थी।
घटना की जानकारी लगते ही पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और एफएसएल टीम को बुलाया। एसपी ने अधीनस्थों को हत्या, हादसा और जंगली जानवर के हमले सहित सभी एंगल से जांच के निर्देश दिए। शव के अंगों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
प्रारंभिक तौर पर पुलिस जंगली जानवरों द्वारा बालक को निवाला बनाने की संभावना जता रही है। क्योंकि शव के अंग अलग-अलग जगह बिखरे मिले हैं। हालांकि, परिजन और ग्रामीण इसे हत्या का मामला बता रहे हैं।
बालक के लापता होने के बाद से पुलिस की तीन थानों की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थीं। ड्रोन और डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली गई थी। इसके बावजूद सोमवार को ग्रामीणों की सूचना पर ही शव बरामद हो सका।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। एसपी ने कहा कि हर पहलू की जांच की जा रही है, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।