डिंडौरी में शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे चचेरे भाइयों की हादसे में मौत, पिकअप से टक्कर के बाद जली बाइक
मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में गुरुवार देर रात एक बाइक को पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी और उसे घसीटता हुआ ले गया। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौ ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 28 Nov 2025 12:54:06 PM (IST)Updated Date: Fri, 28 Nov 2025 02:10:19 PM (IST)
टक्कर के बाद जल गई बाइक।HighLights
- दर्दनाक सड़क हादसे में गुरुवार की रात चचेरे भाइयों की मौत हो गई।
- एक युवक की उम्र 22 वर्ष और दूसरी की उम्र 23 साल बताई गई है।
- टक्कर के बाद बाइक को घसीटता हुआ ले गया पिकअप का ड्राइवर।
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डिंडौरी से अमरकंटक मार्ग में ग्राम कूड़ा के पास दर्दनाक सड़क हादसे में गुरुवार की रात चचेरे भाइयों की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही कर मर्ग कायम किया। शवों का पीएम शुक्रवार की सुबह जिला अस्पताल में कराने के बाद परिजनों को सौंप दिए गए। पिकअप ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
टक्कर के बाद जल गई बाइक
जानकारी के मुताबिक महेंद्र विश्वकर्मा पिता विष्णु विश्वकर्मा 22 वर्ष और विपिन विश्वकर्मा पिता चरण विश्वकर्मा 23 वर्ष दोनों निवासी ग्राम छिंदगांव थाना शाहपुर शादी के कार्ड बांटकर सागर टोला गाड़ासरई से लौट रहे थे। रात लगभग 11 से 11.30 डिंडौरी की ओर से जा रहे पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 52 जीए 0983 के ड्राइवर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
बाइक पिकअप के सामने की तरफ फंसकर कुछ दूर तक घिसट गई और बाइक में आग लग गई। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इस दौरान बाइक में आग लग गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के पार्ट्स टूटकर सड़क में बिखर गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 वाहन मौके पर पहुंचा।
शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे थे मृतक
महेंद्र के पिता विष्णु लाल विश्वकर्मा उम्र 58 साल निवासी ग्राम छिन्दगांव ने बताया कि उनका मझला पुत्र महेन्द्र कुमार उनकी मेरी बाइक क्रमांक एमपी 52 एमई 2005 से उनके बडे भाई के पुत्र विपिन कुमार के साथ भांजे की शादी का कार्ड बांटने सागरटोला गाडासरई गए थे। कार्ड बांटकर वापस आते समय ग्राम कूड़ा में पॉलिटेक्निक कॉलेज के पहले डिंडौरी तरफ से जा रहे पिकअप वाहन के ड्राइवर ने तेज रफ्तार व लापरवाही पूर्वक बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।