डिंडौरी पुलिस ने शराब से भरी कार को रोकने की कोशिश की तो बैरीकेट को टक्कर मारकर भागा ड्राइवर, घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की एक कार में अवैध शराब भरी हुई है और वह डिंडौरी की तरफ आ रही है। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 16 Mar 2026 01:19:17 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Mar 2026 01:26:33 PM (IST)
पुलिस की गिरफ्त में ड्राइवर और उससे जब्त की गई अवैध शराब और कार।HighLights
- तेजी से कार लाते हुए सड़क पर लगे बैरीकेड को मारी टक्कर
- इसके बाद पुलिस ने कार का पीछा किया और घेराबंदी कर ली
- खुद को घिरा देख ड्राइवर कार छोड़कर भागा, लेकिन पकड़ा गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। अवैध रूप से कार से लाई जा रही 15 पेटी शराब कोतवाली पुलिस ने जब्त कर एक आरोपित को गिरफ़्तार किया है। मंडला जिले की ओर से डिंडौरी में खपाने के लिए एक लाख से अधिक की लाई जा रही शराब सोमवार की अलसुबह कार सहित जब्त कर थाना लाया गया।
जब्त शराब सहित कार की कीमत नौ लाख आंकी गई है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक रविवार की रात मुखबिर से सूचना मिली कि मंडला तरफ से एक सफेद रंग की वैगनआर कार क्रमांक एमपी 20 जेडसी 7868 में भारी मात्रा में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब डिंडौरी तरफ आ रही है।
घेराबंदी की तो कार छोड़कर भागने लगा
सूचना पर मंडला रोड गैस गोदाम के पास बैरिकेटिंग की गई, लेकिन कार काफी तेज गति से सड़क पर लगे बैरीकेट को टक्कर मारती हुई पुरानी डिंडौरी की तरफ निकल गई। पुलिस टीम द्वारा कार का पीछा कर रोकने का प्रयास किया गया।
ड्राइवर कार तेज गति से समनापुर तिराहा से अमरकंटक रोड की ओर भागने लगा। पुलिस ने कार का पीछा कर अमरकंटक रोड मे गोमती नदी पुल के पहले ग्राम कूड़ा के पास सडक से बाहर भर्रा में वाहन को घेराबंदी कर रोका। चालक ने कार से उतरकर भागने का प्रयास किया जिसे घेराबंदी कर पकडा गया। ड्राइवर ने कार की चाबी फेंक दी।
जबलपुर निवासी है आरोपी
आरोपित कार चालक संजय अग्रवाल पिता शंकर अग्रवाल उम्र 52 साल निवासी शारदा बिहार कटंगी रोड करमेता थाना माढोताल जिला जबलपुर को पुलिस द्वारा पकड़ा गया। अधेड़ के पास एक मोटोरोला कंपनी का मोबाईल मिला। कार की तलाशी लेने पर गाड़ी के अंदर पिछली सीट व डिग्गी में अंग्रेजी शराब कागज के कार्टून रखी मिली जिसे जब्त किया गया। रम के 10 कार्टून, 5 कार्टून में अन्य ब्रांड की रम को मिलकर कुल 130 लीटर 320 एमएल शराब जब्त की गई।
शराब सहित कार की कीमत नौ लाख
जब्त शराब के कुल कीमत एक लाख चार हजार 320 रुपये बताई गई है। आरोपित के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। जब्त की गई क्षतिग्रस्त कार की कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकार जब्त शराब और कार की कुल कीमत नौ लाख चार 320 रुपये आंकी गई है।
कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में एसआई भिपेंद्र पाठक, प्रधान आरक्षक आदित्य शुक्ला, देवेन्द्र पटले, आरक्षक श्याम तिवारी, सतेन्द्र डहेरिया, हेमंत झारिया, विशाल पटेल, विनोद माहोर, भूपेंद्र यादव, कैलाश द्विवेदी सहित अन्य स्टाफ शामिल रहा।
यह भी पढ़ें : ग्वालियर में शराब पिलाकर दोस्त के साथ कुकर्म, विरोध करने पर पहले पीटा... फिर छत से धक्का देकर ले ली जान