
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। डिंडौरी जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरछा गांव में मंगलवार सुबह तालाब में नहाने के दौरान दो महिलाएं डूबने लगीं। इस दौरान मौके पर मौजूद एक युवक की सूझबूझ से एक महिला की जान बच गई, जबकि दूसरी महिला की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि तालाब में डूबने वाली दोनों महिलाएं रिश्ते में ननद-भाभी लगती हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बरछा गांव में एक परिवार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए संपत्तियां उइके और लक्ष्मी बाई उइके आई थीं। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दोनों महिलाएं गांव के तालाब में स्नान करने पहुंची थीं। नहाने के दौरान संपत्तियां उइके का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गईं। उन्हें डूबता देख लक्ष्मी बाई ने उनका हाथ पकड़ लिया, लेकिन गहरे पानी और कीचड़ के कारण उनका भी संतुलन बिगड़ गया और दोनों डूबने लगीं।
महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर गांव के युवक नोहर सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देरी किए तालाब में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद लक्ष्मी बाई को बाहर निकाल लिया। हालांकि तब तक संपत्तियां उइके गहरे पानी में समा चुकी थीं। ग्रामीणों की मदद से संपत्तियां को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाबों के किनारे सुरक्षा के इंतजाम और गहराई दर्शाने वाले संकेतक लगाने की मांग की है। पुलिस ने लोगों से बारिश के मौसम में तालाब और नदी में न नहाने की अपील की है।