डिंडौरी में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता से पहले सर्दी-खांसी की दवाई मांगी, फिर करने लगे अभद्रता
डिंडौरी के कोतवाली थाना इलाके में मंडला रोड में एक गांव में इससे पहले भी कुछ लोगों द्वारा महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के साथ अभद्रता की जा चुकी है। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 08 Mar 2026 01:33:40 PM (IST)Updated Date: Sun, 08 Mar 2026 01:36:06 PM (IST)
डिंडौरी थाने की तस्वीर।नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। कोतवाली थाना अंतर्गत मंडला रोड में एक गांव में स्थित आरोग्य केंद्र में पदस्थ 52 वर्षीय एक महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (एएनएम) के साथ उसके सरकारी आवास में दो लोगों द्वारा अभद्रता करने की घटना सामने आई है। पीड़ित महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता की शिकायत पर पुलिस ने दोनो आरोपित के विरुद्ध गाली गलौच, धक्का मुक्की सहित एससी-एसटी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। घटना तीन मार्च की रात की बताई जा रही है।
सर्दी खांसी की मांगी थी दवा
पुलिस के अनुसार ने जिले के जनपद अमरपुर अंतर्गत एक गांव में पदस्थ महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता ने शिकायत में उल्लेख किया कि तीन मार्च की रात लगभग साढ़े आठ से नौ बजे के बीच दो व्यक्ति मुकुंद लाल यादव और पारस राम ढुलिया आरोग्य केंद्र के बाजू में बने उनके सरकारी आवास में पहुंच गए।
संबंधित द्वारा सर्दी-खांसी की दवा की मांग की गई। दवा देने के बाद संबंधित द्वारा आरोग्य केंद्र शाम को नहीं खोलने की बात पर अभद्रता की गई। उन्होंने चैनल गेट के अंदर से दवा दी थी।
सरपंच व कोटवार को दी जानकारी
महिला कार्यकर्ता ने बताया कि वे दिव्यांग हैं और आरोग्य केंद्र में अकेले ही पदस्थ हैं। आशा कार्यकर्ता दिन के समय ही मौजूद रहती हैं। बताया गया कि इससे पहले भी कुछ लोगों द्वारा महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के साथ अभद्रता की जा चुकी है, लेकिन उन्होंने शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। तीन मार्च की रात घटना के दौरान हल्ला सुनकर आसपास के ग्रामीण भी वहां जमा हो गए थे।
घटना की जानकारी पंचायत के सरपंच, ग्रामीणों सहित कोटवार को भी दी गई थी। इसके बाद पीड़ित द्वारा कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई है। कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि एएनएम की रिपोर्ट पर दोनों आरोपित के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर उनकी तलाश की जा रही है।