
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मुस्लिम समाज जामा मस्जिद सदर शेख सफीक खान के लड़के पर एक 16 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़ और पीछा कर परेशान करने का आरोप लगा है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी देते हुए थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नागपुरे ने बताया कि 8 सितंबर 2026 को पीड़ित नाबालिग अपनी मां के साथ देर रात थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती
शिकायत में बताया गया कि डिंडौरी निवासी शेख शाहिक, जो कि डिंडौरी मुस्लिम समाज के सदर का लड़का है, से वर्ष 2025 में सोशल मीडिया साइट पर उसकी दोस्ती हुई थी। आरोप है कि दोस्ती के बाद से आरोपी लगातार नाबालिग का पीछा कर रहा था और बुरी नीयत से छेड़छाड़ कर परेशान कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, आरोपी की हरकतों से नाबालिग काफी डरी-सहमी हुई थी, जिसके बाद हिम्मत जुटाकर उसने अपनी मां को पूरी बात बताई और थाने में शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें- अचलेश्वर महादेव न्यास चुनाव की तारीख तय, 11 अक्टूबर को होगा मतदान, ग्वालियर हाई कोर्ट बेंच ने दिया आदेश
पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने नाबालिग की रिपोर्ट पर आरोपी शेख शाहिक के विरुद्ध अपराध क्रमांक 529/26 धारा 74, 75, 78(1)(2)(3), 351(2) बीएनएस एवं धारा 7,8,11,12(4) पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज की गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस पीड़िता के बयान और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें- मुख्यालय ग्वालियर-जबलपुर में, हाजिरी भोपाल में... सरकारी दावों को ठेंगा दिखाते आला अफसर, मनमानी पर मौन शासन