
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहपुरा। शहपुरा में सोशल मीडिया पर भगवान श्रीराम और माता सीता के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने का मामला सामने आया है।
अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल ने शहपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है और संबंधित युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बजरंग दल के महामंत्री हिमांशु अग्रवाल ने 14 जुलाई 2026 को थाना प्रभारी शहपुरा को दिए आवेदन में बताया कि 13 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे उन्हें सूचना मिली कि विवेक शर्मा ने व्हाट्सएप स्टेटस और सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से भगवान श्रीराम के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी और चित्र प्रसारित कर रहा है।
शिकायत में कहा गया है कि उक्त पोस्ट में भगवान श्रीराम के प्रति अपमानजनक शब्दों और चित्रों का प्रयोग किया गया है। इससे सनातन धर्म को मानने वाले करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
हिमांशु अग्रवाल ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
शिकायत के साथ आपत्तिजनक पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी संलग्न किया गया है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।
इस संबंध में शहपुरा थाना प्रभारी अनुराग जामदार ने नई दुनिया से चर्चा के दौरान बताया कि इस मामले की थाने में शिकायत हुई है। आरोपित को बुलाकर पूछताछ किया जाएगा। मनमानी सामने आने पर संबंधित के विरुद्ध मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में आरोप प्रत्यारोप के दौर भी शुरू हो गए हैं।
बताया गया कि संबंधित युवक का नाम विवेक शर्मा उर्फ विजय अमित कुमार शर्मा और खेल प्रशिक्षक बता रहा है जबकि सहायक आयुक्त राजेन्द्र जाटव ने बताया कि इस नाम का कोई कर्मी नहीं है। इस बात की जांच कराएंगे कि यह यहां तक कैसे पहुंचा। यह पूरा मामला शहपुरा की एक छात्रावास से जोड़कर देखा जा रहा है। इस मामले में सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग ने भी जांच की बात कही है।
यह भी पढ़ें- बिना हेलमेट पकड़े गए जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष, भरना पड़ा एक हजार रुपये जुर्माना