
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़रिया की पोषक ग्राम धनगांव और पड़रिया कला के बीच सड़क की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों में आक्रोश है। बारिश के चलते करीब तीन किलोमीटर का कच्चा मार्ग कीचड़ में तब्दील हो गया है। लंबे समय से सड़क की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क के बीच कीचड़ में धान का रोपा लगा दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि जब सड़क आवागमन के लायक नहीं रह गई है और जगह-जगह कीचड़ भरा हुआ है, तो इस रास्ते पर चलने के बजाय खेती ही कर ली जाए। इसी संदेश के साथ ग्रामीणों ने कीचड़ भरे मार्ग पर धान की रोपाई कर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित किया।
ग्रामीणों के अनुसार पड़रिया कला से धनगांव तक लगभग तीन किलोमीटर का रास्ता बारिश के दौरान पूरी तरह दलदल और कीचड़ में बदल जाता है। इसी मार्ग से ग्रामीणों को शहपुरा सहित अन्य स्थानों पर आना-जाना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें प्रतिदिन इसी बदहाल रास्ते से होकर विद्यालय जाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग की खराब स्थिति के कारण इस रास्ते पर कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। बारिश के दौरान कीचड़ और फिसलन के कारण दोपहिया वाहनों से आवागमन करना जोखिम भरा हो जाता है। इसके बावजूद ग्रामीण आवश्यक कार्यों के लिए इसी मार्ग का उपयोग करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि फोर व्हीलर और ऑटो तक धनगांव पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। कई बार वाहन कीचड़ में फंसने की स्थिति बन जाती है। इससे ग्रामीणों को आवागमन के साथ-साथ आवश्यक सेवाओं के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण अथवा मार्ग के उचित सुधार की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने सड़क पर धान का रोपा लगाकर अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से पड़रिया कला से धनगांव तक सड़क का शीघ्र निर्माण अथवा उचित मरम्मतीकरण कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान आवागमन सुगम हो सके और स्कूली बच्चों सहित ग्रामीणों को दुर्घटनाओं के खतरे से राहत मिल सके।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में अमृत योजना 2.0 के लिए खोदी सड़क बनी मुसीबत, पनेहरा से गोकलपुर तक लगा लंबा जाम