
नवदुनिया प्रतिनिधि, गुना। भोपाल से जयपुर जा रहे एक दंपती के साथ जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस में नशीला पानी पिलाकर चोरी की वारदात का मामला सामने आया है। सामने की सीट पर बैठा अंजान युवक गुना स्टेशन पर दंपती के बेहाेश होते ही सोने-चांदी के जेवर और नौ हजार रुपये चोरी कर फरार हो गया।
इधर, पीड़ित दंपती को जब होश आया, तो जयपुर अस्पताल में उपचाररत पाया। इसके बाद उन्होंने जीआरपी जयपुर को घटना बताई। इस पर जयपुर में शून्य पर कायमी कर केस डायरी गुना जीआरपी को भेजी गई। यहां असल प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।
फरियादी नर्मदा प्रसाद पुत्र उमराव अहिरवार उम्र 41 साल निवासी वार्ड-53 कंजर मोहल्ला जातखेड़ी थाना मिसरोद जिला भोपाल ने जीआरपी थाना जयपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसमें बताया कि वह पत्नी कृष्णा बाई के साथ 18 जून को भोपाल स्टेशन से ट्रेन संख्या 14814 (भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस) में जनरल कोच में जयपुर के लिए यात्रा कर रहे थे।
यहीं से सामने वाली सीट पर एक 25 वर्षीय लड़का, जो बिहारी भाषा बोल रहा था और दिल्ली जाने की कह रहा था। गाड़ी चलने के बाद हम बातचीत करते हुए आ रहे थे।
रात्रि करीब 9.30 से 9.45 बजे के बीच हमने घर से लाया हुआ खाना खाया। हमारे पास पानी कम था, तो पानी बेचने वाले से पानी की बोतल देने कहा। इस पर सामने बैठा लड़का बोला कि मैं लाकर देता हूं। उसने पानी वाले से बोतल ली, जिसे मैं पैसे निकालकर देने लगा।
इसी बीच लड़के ने पानी की बोतल खोलकर मुझे दी, जो खुली हुई थी। उसी बोतल से उक्त लड़के ने भी पानी पीया था। इससे मैंने व पत्नी ने भी उसी बोतल से पानी पीया और बचा पानी अपनी बोतल में डाल लिया।
इसके बाद गुना रेलवे स्टेशन आया, जहां मैं और पत्नी बेहोश हो गए। लेकिन जब पूरा होश आया, तो हम (पति-पत्नी) जयपुर अस्पताल में भर्ती होकर इलाज चल रहा था।