गुना में दिल दहला देने वाली वारदात : जमीन विवाद में गर्भवती महिला के पेट में मारी लात, 6 माह के जुड़वां बच्चों की मौत
कैंट थाना क्षेत्र के ग्राम किशनगढ़ में दो पक्षों में जमीन के विवाद में मारपीट हो गई। बीच-बचाव के दौरान हमलावरों द्वारा एक गर्भवती महिला के पेट पर लात ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 04 Jul 2026 01:57:20 PM (IST)Updated Date: Sat, 04 Jul 2026 01:57:20 PM (IST)
हमले के बाद महिला का अस्पताल में इलाज जारी है। नईदुनिया।HighLights
- जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, कई लोग घायल
- गर्भवती महिला के पेट में लात मारने का आरोप, जुड़वा बच्चों का गर्भपात
- पुलिस ने दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू की
नईदुनिया प्रतिनिधि, गुना। कैंट थाना क्षेत्र के ग्राम किशनगढ़ में दो पक्षों में जमीन के विवाद में मारपीट हो गई। इसके बाद एक पक्ष ने दूसरे पर हमला कर दिया, जिसमें बीच-बचाव के दौरान एक गर्भवती महिला की मारपीट भी कर दी गई, इसके पेट में हमलावरों द्वारा लात मारने से उसके जुड़वा बच्चों का गर्भपात हो गया।
महिला सहित घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं पुलिस ने मामले में क्रास प्रकरण दर्ज किया है।
लाठी-डंडों से मारपीट
फरियादी बाबूलाल पुत्र गोकुल सिंह लोधा उम्र 62 वर्ष ने बताया कि बीती शाम करीब 5.30 बजे वह अपने बेटे रामस्वरूप के साथ घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान गांव के ही बद्री लोधा, सोनू लोधा, कैलाश लोधा आए और जमीन के विवाद पर गाली देने लगे। गाली देने से मना करने पर लाठी-डंडे से मारपीट की। रामस्वरूप की पत्नी भूलीबाई बचाने आई तो उसकी भी मारपीट की। इसके बाद आरोपी धमकी देकर चले गए।
बाद में शाम को दूसरे पक्ष ने फिर महिलाओं सहित आकर हमला किया। बाबूलाल के बेटे संजय लोधा ने बताया कि इस दौरान आरोपित लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी, हंसिया, फर्सा आदि लेकर आए। हमने समझौता करने की बात की, लेकिन उन्होंने हमला किया। इस दौरान संजय की गर्भवती पत्नी राजकुमारी के पेट में लात मार दी, जिससे उसका गर्भपात हो गया। राजकुमार को छह माह का गर्भ होकर जुड़वा बच्चे थे, जिनकी मृत्यु हो गई।
राजकुमारी ने बताया कि वह बीच-बचाव करने गई थी। बाद में हमलावरों ने घर पर पत्थर बरसाए। सामान की तोड़फोड़ की।
दूसरे पक्ष के घायल का आरोप
वहीं दूसरे पक्ष के घायल सोनू लोधा ने पुलिस को बताया कि रामस्वरूप लोधा के पिता पिछले कई दिनों से गाली दे रहे थे। बीती शाम इस संबंध में बातचीत करने उनके घर गए, तो बाबू, केदार, संजू और रामस्वरूप ने मारपीट की। बचाने गई परिवार की महिलाओं पर से भी मारपीट की।
किशनगढ़ में दो पक्षों में जमीनी व आपसी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। बीच बचाव में महिला को धक्का या किसी वजह से चोट लगी। महिला का गर्भपात हुआ है। पुलिस ने मामले में क्रास प्रकरण दर्ज किया है। घालय अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती हैं। - आनंद राय, सीएसपी, गुना