ग्वालियर के सरकारी अस्पताल में बिजली गुल होने से 1 घंटे अंधेरे में रहे मरीज, टालना पड़ा ऑपरेशन
वार्ड में बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था न होने से अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Publish Date: Sat, 20 Jun 2026 02:03:30 PM (IST)Updated Date: Sat, 20 Jun 2026 02:04:08 PM (IST)
सोशल मीडियाHighLights
- जनरेटर चला पर पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में रहा अंधेरा
- मोबाइल टॉर्च के सहारे रहे मरीज
- अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जिला अस्पताल मुरार में गुरुवार रात बिजली सप्लाई अचानक बंद हो गई, जो लगभग एक घंटे तक बाधित रही। इस दौरान अस्पताल में लगे जनरेटर को तो चालू किया गया, लेकिन पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में कनेक्शन न होने के कारण मरीजों को अंधेरे में ही समय बिताना पड़ा। पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में भर्ती मरीज और उनके स्वजन करीब एक घंटे तक मोबाइल की टार्च रोशनी के सहारे रहे।
इस दौरान उमस और गर्मी के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वार्ड में बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था न होने से अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जिला अस्पताल के पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में फैला अंधेरा l नईदुनिया
सुबह भी गुल हो गई बिजली
अस्पताल में शुक्रवार सुबह भी बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। सुबह आठ बजे के बाद चली बिजली गई, जो दोपहर 12 बजे तक वापस नहीं आई। लगातार कटौती से अस्पताल की सामान्य सेवाएं प्रभावित रहीं।
ऑपरेशन भी टला
बिजली गुल होने का असर ऑपरेशन थिएटर पर भी पड़ा। बताया गया कि एक मरीज को ऑपरेशन के लिए थियेटर में ले जाया गया था और तैयारी चल रही थी, इसी दौरान बिजली चली गई। स्थिति को देखते हुए डाक्टरों को ऑपरेशन टालना पड़ा। लगातार बिजली कटौती और जनरेटर बैकअप की कमी के चलते अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताते हैं कि जनरेटर के लिए डीजल नहीं मिलने के कारण भी यह स्थिति बनी। मरीजों और स्वजन का कहना है कि जिला अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र में इस तरह की लापरवाही चिंताजनक है।