
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। उपनगर ग्वालियर में रहने वाली 18 वर्षीय छात्रा को ब्लैकमेल कर न्यूड फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर डालने का मामला सामने आया है। छात्रा से उसका दोस्त एक लाख रुपये मांग रहा था। वह रुपये नहीं दे सकी तो आरोपित ने छात्रा के ही नाम से इंस्टाग्राम पर फेक आईडी बनाई। उसके न्यूड फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिए। छात्रा के पिता को एक रिश्तेदार ने यह फोटो व वीडियो दिखाए, तब छात्रा ने रोते हुए आपबीती बताई। ग्वालियर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
ग्वालियर थाना क्षेत्र में रहने वाली 18 वर्षीय छात्रा 12वीं में पढ़ती है। उसकी दोस्ती हरमन चावला से हुई थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। हरमन ने छात्रा से अश्लील बात करना शुरू कर दी। उससे न्यूड फोटो और वीडियो भी वाट्सएप पर मंगवा लिए। इसके बाद छात्रा को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। छात्रा से वह कहता था कि अगर एक लाख रुपये नहीं दिए तो इन फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। छात्रा ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद आरोपित ने छात्रा के नाम से ही फेक आईडी बनाई।
इस फेक आईडी पर फोटो और वीडियो अपलोड किए गए। फिर छात्रा के रिश्तेदारों को फॉलो भी किया। एक रिश्तेदार की नजर पड़ी तो छात्रा के पिता को बताया। माता-पिता ने छात्रा से बात की तब वह रोने लगी। छात्रा ने बताया कि हरमन चावला उसे आठ महीने से ब्लैकमेल कर रहा था। उसने विश्वास में लेकर फोटो और वीडियो मंगवा लिए थे। पुलिस ने हरमन चावला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एएसपी अनु बेनीवाल का कहना है कि आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- MP में रेलवे ने 100 से ज्यादा घरों को भेजा नोटिस, अतिक्रमण बताकर दिया 36 घंटे का अल्टीमेटम, लोगों ने खोला मोर्चा
यह घटना सबक है। खासकर 18 वर्ष या इससे कम उम्र के छात्र-छात्राओं के लिए। अकसर सोशल मीडिया पर मनचले इस तरह से छात्राओं को फंसाते हैं। बातों में फंसाकर साथ में फोटो खींचते हैं या अश्लील फोटो खिंचवाकर मंगवाते हैं। फिर ब्लैकमेल करते हैं। ऐसी और भी घटनाएं हुई हैं। सोशल मीडिया पर अंजान की फ्रेंड रिक्वेस्ट या फॉलो रिक्वेस्ट स्वीकार न करें।