
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मोहना क्षेत्र में रहने वाले किराना कारोबारी के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। कारोबारी के मोबाइल पर न तो कोई कॉल आया न ही कोई ओटीपी और चार बैंक खातों से 4.47 लाख रुपये निकल गए। साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत होने के बाद पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। इस मामले में पुलिस को हैकिंग के जरिए नेट बैंकिंग में सेंध या कार्ड क्लोनिंग करने की आशंका है। पुलिस तकनीकि साक्ष्यों का विश्लेषण कर ठगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
मोहना थाना क्षेत्र के अंतर्गत सहसारी रोड पर रहने वाले मनोज पुत्र टुंडाराम राठौर पेशे से किराना कारोबारी हैं। 25 अप्रैल को वह मोहना बाजार में दुकान के लिए सामान खरीदने के लिए गए थे। सामान खरीदने के बाद दुकानदार को ऑनलाइन भुगतान करना था। इसके लिए उन्होंने यूपीआइ के जरिए भुगतान करने के लिए क्यूआर कोड स्कैन किया। जैसे ही रुपये डालकर भुगतान के लिए पासवर्ड डाला तो उनके मोबाइल पर कम बैलेंस का मैसेज आया। उन्होंने कई बार प्रयास किया, लेकिन भुगतान नहीं हुआ, जबकि उनके यूपीआइ से चार बैंक खाते जुड़े हएु हैं।
उन्होंने जब बैंक जाकर पता किया तो सामने आया कि सभी बैंक खातों से रुपये निकल गए हैं। उनके चार बैंक खातों से 4 लाख 47 हजार 200 रुपये निकल गए। इसके बाद उन्होने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की। साइबर हेल्पलाइन से ई-जीरो एफआइआर दर्ज हुई, इसके बाद मोहना थाना पुलिस ने मूल एफआइआर दर्ज की।
पुलिस को आशंका है कि यह मालवेयर अटैक के जरिये हुआ है। मालवेयर अटैक के जरिये मोबाइल हैक हुआ, फिर सिम स्पूफिंग हुई, जिससे कॉल फारवर्डिंग ऑन हुई। सारे कॉल व एसएमएस हैकर के पास पहुंचे।
नप्र, ग्वालियर। शहर के गोला का मंदिर इलाके में रहने वाले युवक के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। शातिर हैकर ने मोबाइल हैक कर लाक पैटर्न बदल दिया। इसके बाद नेट बैंकिंग के जरिये बैंक खाते में सेंध लगा दी। उसके खाते से 1.56 लाख रुपये निकाल लिए। इस मामले में फरियादी द्वारा ई-जीरो एफआइआर दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस ने मूल एफआइआर दर्ज कर ली है।
गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गायत्री विहार कॉलोनी के रहने वाले शैलेंद्र पुत्र रामबाबू सिंह तोमर के मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आया। फिर फोन कट गया। इसके बाद उन्होंने फोन रख दिया। कुछ देर बाद जब मोबाइल उठाया तो लाक पैटर्न बदला हुआ था। मोबाइल खोलने का प्रयास किया लेकिन नहीं खुला। फिर मोबाइल पर साफ्टवेयर अपडेट का मैसेज आया। मोबाइल अपडेट होने के बाद खुल गया। उनके मोबाइल पर बैंक से 1.56 लाख रुपये निकलने के मैसेज आए। इसके बाद उन्हें पता लगा कि मोबाइल हैक हुआ है। नेट बैंकिंग के जरिये खाते में सेंध लगाई गई।