ग्वालियर में कॉलेज गेट से लॉ स्टूडेंट का किडनैप करने वाला आरोपी मामा गिरफ्तार, पुलिस को ऐसे मिला सुराग
ग्वालियर में बीए-एलएलबी छात्रा अपहरण मामले में पुलिस ने आरोपी जीतू को 36 घंटों में पकड़ लिया। आरोपी छात्रा को लखनऊ से इंदौर ले जा रहा था। पुलिस जांच ज ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 08 May 2026 08:14:19 AM (IST)Updated Date: Fri, 08 May 2026 09:05:58 AM (IST)
बीए-एलएलबी की छात्रा की किडनैपिंग का आरोपी गिरफ्तार। (फोटो- नईदुनिया)HighLights
- ग्वालियर पुलिस ने 36 घंटों में आरोपी को दबोचा।
- आरोपी जीतू छात्रा का रिश्ते में मामा बताया गया।
- पुलिस ने आरोपी से पिस्टल भी बरामद की है।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के कंपू स्थित कैंसर पहाड़ी क्षेत्र से बीए-एलएलबी की छात्रा के कथित किडनैपिंग के आरोपी जीतू को पुलिस ने कानपुर-उरई के बीच बस से पकड़ लिया। वह छात्रा को अपने साथ लेकर लखनऊ से इंदौर के लिए निकला था। इसी दौरान उस तक ग्वालियर पुलिस की टीम पहुंच गई। छात्रा के दिनदहाड़े अपहरणकांड के बाद ग्वालियर पुलिस ने इसे चुनौती तरह लिया।
एसएसपी धर्मवीर सिंह और एएसपी अनु बेनीवाल ने खुद लीड किया। इसे ऑपरेशन परसूट नाम दिया गया। ग्वालियर पुलिस की 12 टीमें इसमें लगी थी, जिसके चलते 36 घंटों के भीतर इस वारदात का राजफाश हो गया। अब ग्वालियर पुलिस आरोपी व छात्रा को लेकर ग्वालियर के लिए रवाना हो गई है।
यहां बता दें कि आरोपी रिश्ते में छात्रा का मामा लगता है। वह छात्रा पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। आरोपी से पिस्टल भी बरामद हुई है।
सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर डाला
- आरोपी के पकड़े जाने से कुछ देर पहले ही उसने सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड किया था, जिसमें वह लखनऊ के होटल के कमरे में छात्रा के साथ बैठा हुआ था।
- उसने कहा था कि उसे अपहरण में फंसाया जा रहा है। छात्रा उसके साथ करीब ढाई साल से रिलेशनशिप में है। कुछ विवाद हो गया था, अब वह साथ आई है। दोनों मर्जी से आए हैं। इस वीडियो में युवती ने कुछ नहीं बोला।
- वीडियो वायरल होने के बाद ही पुलिस की साइबर सेल भी सक्रिय हुई। आरोपी की लोकेशन मिली और पुलिस उस तक पहुंच गई।
सौतेली मां की शिकायत पर हुई थी एफआइआर
कंपू से छात्रा को अगवा करने के मामले में सौतेली मां की ओर से शिकायत हुई है। छात्रा की मां का निधन हो चुका है। कुछ समय पहले पिता का भी निधन हो गया। पुलिस को इस मामले में कुछ और कहानी पता लगी है। जिसकी तस्दीक चल रही है। आरोपीपर पूर्व से पाक्सो एक्ट सहित चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।