
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर शहर के महाराजपुरा इलाके में नवविवाहिता ने शादी के तीन दिन बाद ही ससुराल में फांसी लगा ली थी। तब से उसका इलाज चल रहा था। 102 दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से संघर्ष करती रही। आखिर उसने दम तोड़ दिया। महाराजपुरा थाना पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है।
अभी जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट होंगे। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। भिंड जिले के गोरमी की रहने वाली सपना गुर्जर की शादी 25 अप्रैल को महाराजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मणगढ़ के रहने वाले सौरभ गुर्जर से हुई थी। शादी के तीन दिन बाद वह वाशरूम में नहाने के लिए गई थी।
इसी दौरान उसने फांसी लगा ली। इसी दौरान ससुरालीजनों की नजर पड़ी। फंदा काटकर उसे उतारा और अस्पताल लेकर भागे। तब से उसका इलाज चल रहा था। बीते रोज उसकी मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है।
इस मामले में जब सपना ने फांसी लगाई थी, तभी उसके मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया था। इन लोगों का कहना था कि शादी वाले दिन ही यह लोग शादी से मुकर गए थे। शादी में दहेज की मांग करने लगे। किसी तरह शादी हुई तो यह लोग सपना को प्रताड़ित करने लगे। मायके पक्ष ने शिकायती आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उसके शरीर पर चोट के भी निशान थे।