'जेल छूटते ही फिर करूंगा चोरी', चोर ने मप्र-गुजरात में की 100 से ज्यादा चोरियां, ग्वालियर में पकड़ाया
ग्वालियर पुलिस ने इंटरस्टेट चोर अरविंद रजक को पकड़ा, जिसने मप्र-गुजरात में 100 से ज्यादा चोरियां कीं। 45 केस दर्ज, शातिर तरीके से वारदात अंजाम देता था ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 21 Mar 2026 11:22:37 AM (IST)Updated Date: Sat, 21 Mar 2026 11:22:37 AM (IST)
ग्वालियर पुलिस ने ऐसे शातिर चोर को किया गिरफ्तार। (फाइल फोटो)HighLights
- 100 से ज्यादा चोरियां, आरोपी पर 45 केस दर्ज
- मप्र-गुजरात में वारदातें, पुलिस रिकॉर्ड से खुलासा हुआ
- महाराजपुरा में एक महीने में छह चोरियां कबूली
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस ने ऐसे शातिर इंटरस्टेट चोर अरविंद रजक को पकड़ा है, जिसने मप्र और गुजरात के अलग-अलग शहरों में करीब 100 से ज्यादा चोरियां की हैं। इस पर चोरी की 45 एफआइआर तो दर्ज हैं।
पुलिस ने कहा कि इससे ज्यादा वारदातें ऐसी हैं, जिनमें वह पकड़ा ही नहीं गया और अपना जुर्म स्वीकार कर रहा है। ग्वालियर के महाराजपुरा इलाके में ही उसने एक के बाद पिछले करीब एक महीने में चोरी की छह वारदातें की थी। इसमें रिटायर्ड सूबेदार के घर चोरी का मामला भी शामिल है। रिटायर्ड सूबेदार द्वारा 50 लाख रुपये की चोरी बताई गई थी, लेकिन चोर का कहना है कि घर से सिर्फ 600 रुपये मिले थे।
अब पुलिस पशोपेश में है। पुलिस ने फरियादी को भी बुलवाया है, जिससे चोर का आमना-सामना कराया जा सके। उससे रिटायर्ड सूबेदार के घर हुई चोरी का माल भी बरामद नहीं हुआ है। उससे पुलिस पूछताछ करती है, तो वह 600 रुपये मिलने की ही बात कहता है। आरोपी 2011 से चोरी कर रहा है। वह बोला कि जेल से छूटते ही फिर चोरी करूंगा।
महाराजपुरा इलाके में लगातार हो रही थीं चोरियां
- महाराजपुरा इलाके में लगातार चोरियां हो रही थी। पिछले सप्ताह रिटायर्ड सूबेदार ओंकार सिंह तोमर निवासी डीडी नगर अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए मुरैना गए थे। इसी दौरान चोर घर में घुसा और चोरी कर ले गया। ओंकार द्वारा करीब 50 लाख रुपये का माल चोरी होना बताया था। इसमें से 45 लाख रुपये के तो गहने ही थे। पुलिस ने चोर की तलाश शुरू की।
- सीसीटीवी कैमरे की मदद से चोर की पहचान हो गई। उसका नाम अरविंद रजक निवासी आंतरी है। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ की तो उसने महाराजपुरा इलाके में छह चोरियां करना स्वीकार किया। पुलिस ने जब आपराधिक रिकार्ड खंगाला तो पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए। उस पर चोरी के ही 45 अपराध दर्ज हैं।
शातिर तरीका...तीन गाड़ियां बदलकर देता है पुलिस को चकमा
चोर बहुत शातिर है। उसने बताया कि वह पहले रैकी करने के लिए स्कूटी का इस्तेमाल करता है। फिर चोरी करने बाइक से पहुंचता है। पीठ पर बैग होता है, हाथ में टार्च और ताला तोड़ने के औजार। सिर पर कैप, मुंह पर मास्क लगाता है, जिससे पहचान न हो। चोरी करते ही एक बाइक से निकलता है, फिर कुछ दूरी पर दूसरी गाड़ी होती है, यहां गाड़ी बदल देता है। इसके बाद शहर से भाग जाता है।
दूसरों शहरों में भी चोरी के मामले दर्ज
इंटरस्टेट चोर को पकड़ा है। उससे ग्वालियर के महाराजपुरा इलाके की ही छह चोरियां खुली हैँ। उससे पूछताछ चल रही है। दूसरे शहरों में भी उस पर चोरी के अपराध दर्ज हैं। धर्मवीर सिंह, एसएसपी